Garhani murder: अगिआंव (गड़हनी) थाना क्षेत्र के बगवां गांव में नहर मार्ग के पास मिला था महिला का शव; सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में मुख्य अभियुक्त को दबोचा।
- हाइलाइट:@khabre-apki
- गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
- नाम: रामदुलार राम उर्फ प्रभास
- पिता: लालमोहन राम
- पता: ग्राम बगवां, थाना अगिआंव (गड़हनी), जिला भोजपुर
आरा। भोजपुर जिले के अगिआंव (गड़हनी) थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त की पहचान बगवां निवासी रामदुलार राम उर्फ प्रभास के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 की सुबह सूचना मिली कि बगवां गांव में बगवां-धमानिया नहर मार्ग के समीप एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही अगिआंव (गड़हनी) थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। शव के निरीक्षण और ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई।
Garhani murder : गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया जुर्म
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतका मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और पिछले तीन-चार महीनों से बगवां स्थित एक स्थानीय समोसा दुकान में रह रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 9:56 बजे मृतका एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ हाथापाई करती हुई दिखाई दी।
पढ़ें:- गड़हनी में नहर किनारे अज्ञात महिला का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी
इसके बाद पुलिस ने स्थानीय चौकीदार और पुलिस बल की मदद से अभियुक्त के घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस संबंध में अगिआंव (गड़हनी) थाना कांड संख्या 117/26, दिनांक 14 सितंबर 2026, के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

