Homeराजनीतकटाव से प्रभावित जवइनिया के पीड़ितों की समस्याओं पर बोले विधायक

कटाव से प्रभावित जवइनिया के पीड़ितों की समस्याओं पर बोले विधायक

शाहपुर के विधायक राहुल तिवारी ने जवइनिया गांव का दौरा करने के बाद गंगा नदी के कटाव से प्रभावित लोगों की समस्याओं पर गहन चर्चा की।

  • हाइलाइट्स:Jawainiya affected by Ganga erosion
  • लंगर पर विवाद
  • राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप
  • मुआवजा और पुनर्वास
  • एकजुटता की अपील

बिहार,आरा। भोजपुर जिला अंतर्गत शाहपुर के विधायक राहुल तिवारी ने जवइनिया गांव का दौरा करने के बाद गंगा नदी के कटाव से प्रभावित लोगों की समस्याओं पर गहन चर्चा की। मुख्य रूप से बिजली, पीने का पानी और पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे जो कटाव पीड़ितों के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि बांध पर 11,000 पावर का वायर उपलब्ध है और यहां पर एक ट्रांसफार्मर की जरूरत है जिसे तुरंत लगाया जाना चाहिए ताकि सभी को बिजली मिल सके, क्योंकि अंधेरे में सांप और बिच्छू जैसे जीव-जंतुओं का खतरा रहता है। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों से बात की है और उन्हें तीन दिन में समाधान का आश्वासन मिला है।

पीने के पानी की समस्या: उन्होंने बताया की उनके कार्यकर्ता उन जगहों पर चापाकल (हैंडपंप) लगवा रहे हैं जहाँ लोगों ने ठिकाना बनाया हुआ है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पीएचईडी विभाग के साथ-साथ वे अपनी विधायक निधि से भी चापाकल लगवा रहे हैं, खासकर उन जगहों पर जहाँ पीएचईडी विभाग काम नहीं कर रहा है या सही जगह पर चापाकल नहीं लगा रहा है।

Jawainiya affected by Ganga erosion – विधायक ने लंगर पर भी सवाल उठाए

लंगर पर विवाद
विधायक ने दामोदरपुर गांव के पास चल रहे लंगर पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि यह लंगर सही जगह पर नहीं चल रहा है, क्योंकि दामोदरपुर कटाव प्रभावित क्षेत्र में नहीं है और यहाँ कोई विस्थापित लोग नहीं रहते। उन्होंने इसे जनता के पैसे की बर्बादी और “तमाशा” बताया। उनका सुझाव है कि लंगर को बांध पर शिफ्ट किया जाना चाहिए जहाँ वास्तविक कटाव पीड़ित आसरा लिए हुए हैं, या फिर बांध पर एक और लंगर की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दामोदरपुर के पास लंगर सिर्फ़ एक पूर्व विधायक को खुश करने के लिए चलाया जा रहा है और इसका कटाव पीड़ितों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

मुआवजा और पुनर्वास
मुआवजे के संबंध में विधायक ने एक बड़ी समस्या बताई। उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवारों में मुआवजे का वितरण एक चुनौती है, खासकर उन मामलों में जहाँ परिवार के मुखिया या उनकी पत्नी का निधन हो चुका है और बच्चे अलग-अलग रह रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से बात करने की बात कही ताकि अलग रह रहे परिवारों को भी मुआवजा मिल सके।

विधायक ने जवनिया गांव के पुनर्वास की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका कहना है कि जब तक पीड़ितों को जमीन और सरकारी सुविधाएँ नहीं मिलेंगी, वे वहाँ से नहीं जाएँगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री को गांव का दौरा करने की अपील की ताकि वे जमीनी हकीकत देख सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का कोई भी मंत्री अभी तक जवइनिया नहीं आया है। उन्होंने यह भी कहा की यहां के भाजपा नेताओं और पूर्व विधायक की कोई नहीं सुनता है।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप
विधायक ने मौजूदा सरकार पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सदन में लगातार आवाज उठाने के बावजूद 2023 में सरकार ने दावा किया था कि कोई कटाव नहीं हो रहा, जबकि 2024 में 59 घर गंगा नदी में विलीन हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गांव से बालू काटकर बेचने से स्थिति और खराब हुई है, जिससे गरीब लोग प्रभावित हुए हैं।

एकजुटता की अपील
विधायक राहुल तिवारी ने सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक व पूर्व संसद मीना सिंह, सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधान पार्षद राधा चरण साह का नाम लेकर सभी राजनीतिक दलों, समाजसेवियों और उद्योगपतियों से जवनिया गांव के पुनर्वास के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर सभी को मदद करनी चाहिए। उन्होंने खुद पहल करने की बात कही और कहा कि वे पुनर्वास समिति में पहला व्यक्ति होंगे जो जमीन खरीदने और पीड़ितों को बसाने के लिए दान करेंगे।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular