Kaymanagar: भोजपुर के गीधा थाना अंतर्गत कायमनगर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात गृह रक्षकों द्वारा वाहन चालकों से अवैध वसूली किए जाने के मामले में एसपी ने कड़ा एक्शन लिया है।
- हाइलाइट: Kaymanagar
- वाहन चालकों से अवैध वसूली में दो गृहरक्षकों पर गिरी गाज, प्राथमिकी दर्ज
- एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर दर्ज हुई प्राथमिकी
- सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने की कार्रवाई
- यातायात थानाध्यक्ष द्वारा जांच में मामला पाया था सत्य
- गीधा थाना अंतर्गत कायमनगर के समीप ड्यूटी पर तैनात जवानों द्वारा की जा रही थी वसूली
आरा। भोजपुर के गीधा थाना अंतर्गत कायमनगर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात गृह रक्षकों द्वारा वाहन चालकों से अवैध वसूली किए जाने के मामले में एसपी ने कड़ा एक्शन लिया है। इस मामले में दोनों गृहरक्षकों के विरुद्ध गीधा थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार रविवार को कायमनगर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात दो गृहरक्षकों द्वारा वाहन चालकों से अवैध वसूली किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। प्राप्त वीडियो के संबंध में एसपी ने त्वरित जांच का आदेश दिया गया। यातायात थानाध्यक्ष द्वारा तत्काल कायमनगर जाकर स्थलीय जाँच की गई।
Kaymanagar : जाँच के क्रम में प्रथम दृष्ट्या मामला सत्य पाया गया
जाँच के क्रम में पाया गया कि कायमनगर में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रतिनियुक्त गृहरक्षक संजय कुमार सिंह एवं गृहरक्षक बब्लू कुमार की संलिप्तता प्रथम दृष्ट्या सत्य है। जाँच के दौरान जब दोनों गृहरक्षकों से उनके दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ पाया गया।
ड्यूटी के दौरान वाहन चालकों से अवैध वसूली करना पुलिस के कर्तव्यों एवं निर्धारित नियमों के पूर्णतः विपरीत है। यह कृत्य अनुचित लाभ प्राप्त करने की मंशा को दर्शाता है, जिससे पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस संबंध में गीधा थाना प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने कहा है कि भ्रष्टाचार और पदीय कर्तव्यों के विरुद्ध लापरवाही बरतने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

