Ramdathi Village: भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र के रामदतही गांव में विषैले सांप ने घर में सो रही सगी बहनों को डंसा, छोटी बहन की मौत
- हाइलाइट: Ramdathi Village
- विषैले सांप ने घर में सो रही सगी बहनों को डंसा, छोटी बहन की मौत
- रक्षाबंधन की खुशियों पर मौत बनकर बिषधर:
- बक्सर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
- पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
- करनामेपुर थाना क्षेत्र के रामदतही गांव में शनिवार की मध्य रात्रि घटी घटना
आरा। जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र के रामदतही गांव में शनिवार की मध्य रात्रि एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां विषैले सांप के डंसने से एक युवती की असामयिक मृत्यु हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन की हालत गंभीर है। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और स्थानीय लोगों में शोक की लहर व्याप्त है।
Ramdathi Village : रक्षाबंधन के त्योहार पर मायके आई थीं बड़ी बहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामदतही गांव निवासी स्वर्गीय शंभू नाथ ठाकुर की 22 वर्षीया पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में की गई है। वहीं, उसकी बड़ी बहन का नाम कांति देवी है, जो बक्सर जिले के गंगोली गांव निवासी रितेश ठाकुर की पत्नी है। कांति देवी रक्षाबंधन के त्योहार के उपलक्ष्य में शुक्रवार को ही अपने मायके रामदतही गांव आई हुई थीं।
इधर, घटना के संबंध में मृतका के भाई अभिषेक ठाकुर ने “खबरे आपकी” को विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की रात दोनों बहनें घर में एक ही चौकी पर सो रही थीं। मध्य रात्रि के दौरान एक विषैले सांप ने दोनों को डंस लिया। सांप के काटते ही दोनों बहनों की स्थिति अचानक बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए बक्सर जिले के प्रताप सागर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने भरसक प्रयास किए, परंतु छोटी बहन खुशबू कुमारी को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वर्तमान में कांति देवी की स्थिति गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उनका उपचार जारी है। छोटी बहन की मृत्यु की दुखद खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन शव को वापस गांव ले आए और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची करनामेपुर थाना पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस दुखद घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।






