Piyush 30 फीट नीचे मासूम… ऊपर दुआएं, चीखें और 7 घंटे की जंग… बोरवेल से 3 साल के पीयूष को बचाया गया
- हाइलाइट: Piyush
- नल-जल योजना के लिए खोदे गए एक खुले बोरवेल में जा गिरा था मासूम
पटना। गयाजी जिले के फतेहपुर प्रखंड स्थित रंगून नगर में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना, सुखद परिणाम के साथ समाप्त हुई। करीब सात घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण और सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद, 30 फीट गहरे बोरवेल में गिरे तीन वर्षीय मासूम पीयूष कुमार को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्चे के सकुशल बाहर आते ही परिजनों और पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
घटना गुरुवार शाम करीब 6:28 बजे हुई, जब पीयूष अपने घर के पास खेलते समय नल-जल योजना के लिए खोदे गए एक खुले बोरवेल में जा गिरा। इस खबर के फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों का तांता लग गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेस्क्यू अभियान की कमान जिला प्रशासन की देखरेख में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीमों ने संभाली। इस दौरान वजीरगंज के डीएसपी सुनील कुमार पांडेय, अंचलाधिकारी अमित सिंह, बीडीओ शशि भूषण साहू सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर डटे रहे।
बचाव दल ने अत्यंत सावधानी और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए निरंतर प्रयास जारी रखा, जिसके फलस्वरूप घंटों की मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित निकालने में सफलता मिली। बाहर निकलते ही पीयूष को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर भेजा गया।

