Homeआरा भोजपुरबिहियाराजेश यादव हत्याकांड: बिहिया नपं के मुख्य पार्षद समेत कुल आठ नामजद

राजेश यादव हत्याकांड: बिहिया नपं के मुख्य पार्षद समेत कुल आठ नामजद

Rajesh Yadav Murder Case: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टिपुरा गांव में राजेश यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने बिहिया थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं।

  • हाइलाइट: Rajesh Yadav Murder Case
  • भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र राजेश यादव हत्याकांड:
  • पुलिस की कार्रवाई तेज, दो अलग-अलग मामले दर्ज
  • योगेंद्र यादव, सचिन गुप्ता समेत कुल आठ नामजद

आरा। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टिपुरा गांव में राजेश यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने बिहिया थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं। पहली प्राथमिकी हत्या के संदर्भ में दर्ज की गई है, जबकि दूसरी प्राथमिकी मुख्य आरोपी योगेंद्र यादव के आवास पर छापेमारी के दौरान अवैध हथियार बरामद होने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली प्राथमिकी बिहिया थानाध्यक्ष सुदेश्वर दास के बयान पर दर्ज की गई है, जिसमें टिपुरा गांव निवासी योगेंद्र यादव को आर्म्स एक्ट का आरोपी बनाया गया है। वहीं, हत्या के मामले में दूसरी प्राथमिकी मृतक के चाचा के बयान पर दर्ज हुई है। इसमें बिहिया नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सचिन गुप्ता और टिपुरा निवासी योगेंद्र यादव समेत कुल आठ लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य आरोपी योगेंद्र यादव पूर्व में भी चार्जशीटेड रहा है।

Rajesh Yadav Murder Case: टिपुरा गांव में हुई थी सनसनीखेज वारदात

टिपुरा गांव में रविवार दोपहर को हुई इस सनसनीखेज वारदात में अपराधियों ने राजेश यादव को अपना निशाना बनाया। राजेश जब बिहिया थाना क्षेत्र के कटेया गांव से रूपबांध स्थित अपने घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार राजेश को सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चार गोलियां मारी गई हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई मुख्य कारण के रूप में उभरकर सामने आई है। मृतक राजेश यादव करीब ढाई से तीन महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। चश्मदीदों के अनुसार, घटना के समय हमलावरों ने पहले राजेश की बाइक रोकी और उनके साथ मारपीट की। जान बचाने के लिए जब राजेश ने भागने की कोशिश की, तो अपराधियों ने उनका पीछा कर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

वारदात के तुरंत बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी योगेंद्र यादव के घर पर दबिश दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार होने में सफल रहा, लेकिन छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां से एक देसी कट्टा और पिस्टल की मैगजीन बरामद की है। हत्या की साजिश और हथियार बरामदगी, दोनों बिंदुओं पर पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular