Homeबिहारआराआरा में जेसीबी चालक की मौत से बवाल, गले पर मिले निशान;...

आरा में जेसीबी चालक की मौत से बवाल, गले पर मिले निशान; हत्या का आरोप

Sanadiya: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सनदिया गांव की घटना, पूर्व विवाद में गला घोंटकर हत्या किए जाने का परिजनों ने लगाया आरोप; पुलिस मामले की जांच में जुटी

  • हाइलाइट: Sanadiya
  • आरा-बक्सर फोरलेन पर शव रखकर प्रदर्शन, टायर जलाकर आगजनी; साढ़े तीन घंटे बाधित रहा यातायात

आरा। शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सनदिया गांव में शनिवार सुबह एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सनदिया गांव निवासी उग्रह नारायण यादव के पुत्र धनंजय यादव के रूप में हुई है। वह पेशे से जेसीबी चालक था।

जानकारी के अनुसार, धनंजय यादव शनिवार सुबह घर से शौच के लिए निकला था। कुछ समय बाद उसका शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के गले पर छिले हुए निशान पाए गए हैं। परिजनों ने पूर्व के विवाद को लेकर युवक की गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।

Sanadiya : सनदिया गांव में 19 वर्षीय जेसीबी चालक की मौत से बवाल

इधर, घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आरा-बक्सर फोरलेन पर रतनपुर गांव के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने टायर जलाकर आगजनी भी की। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब साढ़े तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया गया, जिसके बाद जाम हटाया गया और फोरलेन पर यातायात बहाल हो सका। पुलिस मामले में परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Khabareapki
Khabareapki
Khabar Apki News Covers all Breaking News in Hindi

Most Popular