Teerthkaul Son River News: भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र स्थित तीर्थकौल गांव के समीप सोन नदी में डूबने से तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा शनिवार को हुआ।
- हाइलाइट्स: Teerthkaul Son River News
- नहाने के दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए थे।
- बच्चों को बचाने पहुंचे सुधीर कुमार भी डूब गए।
- ग्रामीणों की मदद से चारों शव बरामद किए गए।
- शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल
- इस बड़ी घटना के बाद गांव में शोक का माहौल।
आरा। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के समीप सोन नदी में डूबने से तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा शनिवार को उस समय हुआ, जब गांव के बच्चे नदी की ओर गए थे। नहाने के दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने की कोशिश में नदी में उतरा सुधीर कुमार (25 वर्ष) भी डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
Teerthkaul Son River News: तीर्थकौल गांव में मातम पसरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के सात बच्चे सोन नदी की ओर गए थे। नहाने के दौरान आकाश कुमार (15), प्रेम कुमार (10) और सिद्धांत कुमार (16) गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख सुधीर कुमार (25) उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गए।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद चारों की तलाश शुरू की। बाद में सभी के शव बरामद कर लिए गए।
मृतकों में तीर्थकौल गांव निवासी आकाश कुमार, पिता विनोद शर्मा; प्रेम कुमार, पिता मिंटू शर्मा; सिद्धांत कुमार और सुधीर कुमार, पिता अरविंद यादव शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही संदेश प्रखंड के बीडीओ बिनेश कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एक ही गांव के तीन बच्चों और उन्हें बचाने पहुंचे युवक की मौत के बाद तीर्थकौल गांव में मातम पसरा है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







