Imadpur Loot: भोजपुर के इमादपुर थाने की पुलिस द्वारा बालू घाट के पास पिछले दिनों हाई स्कूल के एक शिक्षक से लूटपाट में शामिल दूसरे अपराधी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
- हाइलाइट: Imadpur Loot
- इमादपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव से शनिवार की रात पकड़ा गया अपराधी
- अपराधी के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद
- इमादपुर थाना क्षेत्र में बालू घाट 41 के समीप 26 अप्रैल को हुई थी लूटपाट
आरा। भोजपुर के इमादपुर थाने की पुलिस द्वारा बालू घाट के पास पिछले दिनों हाई स्कूल के एक शिक्षक से लूटपाट में शामिल दूसरे अपराधी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वह उसी थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी हीरा लाल यादव का पुत्र सुनील यादव है। थानाध्यक्ष सुनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में शनिवार की रात उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर लूट में इस्तेमाल एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
इस मामले में चार रोज पहले उदवंतनगर थाना क्षेत्र के जीरो माइल से एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से शिक्षक का लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया गया था।
इधर, पुलिस के अनुसार एक रोज पूर्व रोहतास में लूटपाट के मामले में तरारी थाने के सैदनपुर गांव से गिरफ्तार सुमित कुमार की भी शिक्षक लूट कांड में संलिप्तता आयी है। एसपी राज की ओर से रविवार को प्रेस बयान जारी कर गिरफ्तारी की जानकारी दी गई।
पुलिस के अनुसार रोहतास के नासरीगंज थाना क्षेत्र के इटिम्हा प्लस टू हाई स्कूल विद्यालय में पोस्टेड शिक्षक विश्वजीत भारतीय 26 अप्रैल को स्कूल से अपने गांव चादी थाना क्षेत्र के खनगांव लौट रहे थे। तभी इमादपुर 41 (A) बालू घाट के पास पीछा कर रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी मोटरसाइकिल रोक दिया।
उसके बाद तमंचे के बल पर उनका मोबाइल, एक हजार रुपये और बाइक लूट लिया गया था। उस मामले में शिक्षक द्वारा इमादपुर थाने में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अनुसंधान के क्रम में उदवंतनगर थाना क्षेत्र के जीरो माइल निवासी अंकुश राज उर्फ रॉकी और राजपुर गांव निवासी सुनील यादव का नाम आया था।
गुरुवार को अंकुश राज उर्फ रॉकी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि सुनील यादव फरार चल रहा था। इस बीच शनिवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर सुनील यादव को एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
इधर , थानाध्यक्ष सुनीत कुमार सिंह के अनुसार काराकाट थाना क्षेत्र में बाइक लूट में गिरफ्तार तरारी थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव निवासी सुमित कुमार की भी शिक्षक से लूटपाट में संलिप्तता सामने आयी है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सुमित कुमार द्वारा इस बात को स्वीकार भी किया गया है।


