Pawan-Jyoti divorce case: कोर्ट के आदेश पर ज्योति सिंह बुधवार को कोर्ट में उपस्थित हुईं। हालांकि, पवन सिंह स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए न्यायालय में उपस्थित नहीं हो सके।
- हाइलाइट: Pawan-Jyoti divorce case
- पवन सिंह-ज्योति सिंह तलाक मामला
- कुटुम्ब न्यायालय में रीकांउसलिंग की प्रक्रिया
आरा। भोजपुरी फिल्म जगत के ‘पावर स्टार’ कहे जाने वाले अभिनेता सह गायक और भाजपा नेता पवन सिंह एवं उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा तलाक का मामला फिलहाल सुलझता नजर नहीं आ रहा है। न्यायालय की पहल पर पूर्व में हुई काउंसिलिंग के बावजूद दोनों पक्षों के बीच सुलह नहीं हो सकी है। इसी क्रम में, कुटुम्ब न्यायालय द्वारा अब रीकांउसलिंग की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
इस प्रक्रिया के तहत, कोर्ट के आदेश पर ज्योति सिंह बुधवार को कोर्ट में उपस्थित हुईं। हालांकि, पवन सिंह स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए न्यायालय में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने अपनी बीमारी और अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति बताई, जिसके कारण रीकांउसलिंग नहीं हो सकी। अब कुटुम्ब न्यायालय की ओर से इस मामले के लिए 24 फरवरी की अगली तिथि निर्धारित की गई है। ज्योति सिंह के वकील आदित्य नारायण सिंह ने बताया कि कोर्ट ने रीकांउसलिंग के लिए 11 फरवरी की तिथि तय की थी, जिस पर ज्योति सिंह कोर्ट में उपस्थित हुईं।
Pawan-Jyoti divorce case: लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें साथ में देखा गया था
यह तलाक का मामला वर्ष 2022 से चल रहा है। कुटुम्ब न्यायालय की पहल पर इससे पहले भी काउंसिलिंग की प्रक्रिया अपनाई गई थी, लेकिन तब भी सुलह पर कोई बात नहीं बन सकी। हालांकि, लोकसभा चुनाव के ठीक पहले दोनों के बीच सुलह होने की अटकलों को काफी बल मिला था और उस दौरान उन्हें साथ में देखा भी गया था। परंतु, इसके बाद दोनों के बीच विवाद और गहराता गया।
उल्लेखनीय है कि अभिनेता सह गायक पवन सिंह की ओर से अपनी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह से तलाक के लिए 9 अक्टूबर 2021 को आरा फैमिली कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई थी। इसके उपरांत, ज्योति सिंह 28 अप्रैल 2022 को आरा की फैमिली कोर्ट पहुंची थीं, जहां उन्होंने अंतरिम भरण-पोषण की मांग की थी। तब से यह मामला कुटुम्ब न्यायालय में लंबित है और दोनों पक्षों के बीच सुलह के प्रयास जारी हैं।


