HomeNewsबिहारबारिश होने पर तालाब का रूप ले लेती है शाहपुर थाना के...

बारिश होने पर तालाब का रूप ले लेती है शाहपुर थाना के सामने की सड़क

Banahi Road: शाहपुर नगर पंचायत की जीवन रेखा, बनाही रोड में जलजमाव की समस्या से आम जनजीवन का हर दिन संघर्ष

  • हाइलाइट: Banahi Road
  • इसी मार्ग पर शाहपुर नगर पंचायत
  • प्रखंड सह अंचल कार्यालय
  • शाहपुर रेफरल अस्पताल
  • शाहपुर पुलिस स्टेशन
  • कई निजी कार्यालय और प्रतिष्ठित विद्यालय

आरा,भोजपुर। जिले के शाहपुर नगर पंचायत को बनाही रेलवे स्टेशन से जोड़ने वाली मुख्य सड़क आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। यह मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि शाहपुर नगर पंचायत की जीवन रेखा है। इस सड़क का महत्व इस बात से समझा जा सकता है कि इसी मार्ग पर शाहपुर नगर पंचायत, प्रखंड सह अंचल कार्यालय, रेफरल अस्पताल और शाहपुर पुलिस स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान स्थित हैं। साथ ही, कई निजी कार्यालय और प्रतिष्ठित विद्यालय भी इसी रास्ते पर हैं। यहाँ से हर दिन हजारों की संख्या में पुरुष, महिलाएं, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग अपने आवश्यक कार्यों के लिए गुजरते हैं। लेकिन नगर क्षेत्र में इस सड़क पर जगह-जगह जलजमाव की स्थिति इतनी खस्ताहाल है कि पैदल चलना तो दूर, दो पहिया वाहनों से गुजरना भी जोखिम भरा हो गया है।

Banahi Road : आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होना एक सामान्य बात

सड़क पर जलजमाव के कारण गड्ढों का सही अंदाजा लगाना असंभव हो जाता है। विशेष रूप से बारिश होने पर शाहपुर थाना के समीप यह सड़क किसी तालाब का रूप ले लेती है। जलजमाव इतना अधिक होता है कि राहगीरों को यह समझ नहीं आता कि वे किस तरफ से गुजरें। इस स्थिति के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होना एक सामान्य बात बन गई है। दुपहिया वाहन चालक अक्सर असंतुलित होकर गिरते हैं और चोटिल होते हैं, जिससे भय का माहौल बना रहता है।

मरीज की पीड़ा को और बढ़ा देती है यह सड़क: गुप्तेश्वर शाह

इस गंभीर स्थिति पर स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और व्यापारियों की प्रतिक्रिया काफी चिंताजनक है। पूर्व उपचेयरमैन गुप्तेश्वर शाह के अनुसार, नगर सरकार की उदासीनता ने इस सड़क की स्थिति को बदतर बना दिया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि रेफरल अस्पताल जाने वाले मरीजों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए यह रास्ता बेहद कष्टदायक हो गया है। मरीज पहले से ही बीमारी और शारीरिक परेशानी से जूझ रहे होते हैं, और ऊपर से इस जलजमाव वाली सड़क का सफर उनकी पीड़ा को और बढ़ा देता है।

सड़क की दुर्दशा का सीधा असर व्यवसाय पर:

वहीं, स्थानीय व्यवसायी नसीम शाह का मानना है कि इस सड़क की दुर्दशा का सीधा असर शाहपुर के व्यापार पर पड़ रहा है। बनाही रेलवे स्टेशन तक जाने का यह एकमात्र सुगम मार्ग है। यदि रास्ता ही सुलभ नहीं होगा, तो न केवल लोग यहाँ आने से कतराएंगे, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

प्रश्न यह उठता है कि आखिर कब तक आम जनता इस नारकीय स्थिति को झेलने के लिए मजबूर रहेगी? नगर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को यह समझना होगा कि हर माह साफ-सफाई के नाम पर लाखों रुपयों की निकासी की जा रही है, बावजूद इसके सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी रहती है तथा बारिश होने पर दुर्दशा झेलनी पड़ती है। यह सड़क शाहपुर नपं के स्वच्छता और विकास के दावों की हकीकत बयां करती है। आखिर शाहपुर की जनता को इस सड़क के जलजमाव और दैनिक संघर्ष से मुक्ति कब मिलेगी?

पढ़ें :- जल निकासी व्यवस्था की खुली कलई, एक घंटे की बारिश में सड़क बनी तलाब

- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular