Shahpur Town -शाहपुर नगर पंचायत: बिना कार्यादेश के पीसीसी सड़कों का निर्माण, सरकारी निर्देशों की अनदेखी
- हाइलाइट: Shahpur Town
- बिना कार्यादेश के किए जा रहे कार्यों के लिए नगर प्रशासन उत्तरदायी नहीं: इओ
आरा। जिले के शाहपुर नगर पंचायत में विकास कार्यों के क्रियान्वयन को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। नगर प्रशासन द्वारा आधिकारिक तौर पर कोई कार्यादेश (Work Order) जारी नहीं किए जाने के बावजूद, नगर के विभिन्न वार्डों में पीसीसी (पक्का सीमेंट कंक्रीट) सड़कों का निर्माण कार्य धड़ल्ले से शुरू थे।
Shahpur Town -विभागीय निर्देशों की अवहेलना
जानकारी के अनुसार, नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना के प्रधान सचिव द्वारा 25 फरवरी 2026 को जारी आदेश के आलोक में 15 लाख रुपये तक की विभागीय योजनाओं को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। अब नियमानुसार, नगर पंचायत के अंतर्गत होने वाले सभी विकास कार्य अनिवार्य रूप से निविदा (Tender) प्रक्रिया के माध्यम से ही संपन्न कराए जाने हैं। इसके बावजूद, शाहपुर के कई वार्डों में इस आदेश की अवहेलना करते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिए गए।
कार्यपालक पदाधिकारी का स्पष्टीकरण:
इस गंभीर विषय पर शाहपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी मो. नेशात आलम ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि उनके कार्यालय की ओर से वर्तमान में चल रहे इन कार्यों के लिए कोई कार्यादेश निर्गत नहीं किया गया है। उनके संज्ञान में यह बात आई है कि विभिन्न वार्डों के पार्षदों द्वारा अपने स्तर पर कार्य कराए जा रहे हैं।
कार्यपालक पदाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, केवल उन्हीं योजनाओं का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा जो सरकारी पत्र जारी होने से पहले शुरू हो चुकी थीं और जिनके पास वैध कार्यादेश उपलब्ध था। बिना कार्यादेश के किए जा रहे कार्यों के लिए नगर प्रशासन उत्तरदायी नहीं होगा।
अनाधिकृत निर्माण वाले चर्चित वार्ड:
- वार्ड संख्या 01: यहाँ पश्चिम पोखरा के दक्षिण, पश्चिम और उत्तर, तीनों दिशाओं में पीसीसी कार्य
- वार्ड संख्या 01: शोभी टोला में कन्हैया यादव के घर से सरकारी स्कूल तक पीसीसी सड़क निर्माण
- वार्ड संख्या 02: तकिया मोहल्ला से लेकर सरना भरौली रोड तक पीसीसी सड़क निर्माण का कार्य
- वार्ड संख्या 04: त्रिवेणी कानू के घर से भवानी स्थान मोड़ तक पीसीसी सड़क निर्माण का कार्य
- वार्ड संख्या 07: गोपालपुर गांव में गोनू पांडेय के घर से कन्हैया पांडेय के घर तक निर्माण कार्य


