Gyanpur Mod: मृतक गीधा थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव निवासी स्व. घरशोभी पासवान का 32 वर्षीय पुत्र गुप्तेश्वर पासवान है।
- हाइलाइट: Gyanpur Mod
- इलाज के दौरान सदर अस्पताल में तोड़ा दम
- गीधा थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर मोड़ के समीप बीते 5 मार्च को घटी थी घटना
आरा। सड़क हादसे में जख्मी युवक की मौत हो गई। इलाज के दौरान सदर अस्पताल में शुक्रवार की शाम उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार मृतक गीधा थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव निवासी स्व. घरशोभी पासवान का 32 वर्षीय पुत्र गुप्तेश्वर पासवान है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बीते 5 मार्च की सुबह वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ ज्ञानपुर मोड़ के समीप सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर टाउन थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया।
बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी सुमन देवी, दो पुत्री स्वीटी, लीलावती एवं एक पुत्र गुलशन है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। उसकी पत्नी सुमन देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


