Bihta Encounter: पटना के बिहटा थाना अंतर्गत परेव इलाके में रविवार अलसुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
- हाइलाइट: Bihta Encounter
- बिहटा एनकाउंटर में SI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल, एक बदमाश भी जख्मी
पटना के बिहटा थाना अंतर्गत परेव इलाके में रविवार अलसुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। अवैध बालू खनन और रंगदारी के खिलाफ चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान अपराधियों ने पुलिस दल पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसका पुलिस ने साहस और तत्परता के साथ मुंहतोड़ जवाब दिया। मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगने की बात बताई जा रही है। वही बिहटा थाना के SI राजू कुमार सिंह के बाहों मे गोली छू कर चली गई है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी कि बिहटा के परेव क्षेत्र में अवैध रूप से बालू खनन किया जा रहा है और नाविकों को डरा-धमकाकर जबरन रंगदारी व अवैध वसूली की जा रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस की टीम योजनाबद्ध तरीके से नदी के रास्ते संदिग्ध अपराधियों के ठिकाने की ओर बढ़ी।
Bihta Encounter: पहले से तैयार अपराधियों ने पुलिस दल पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं
जैसे ही पुलिस टीम ने संदिग्ध नाव को रुकने का संकेत दिया, अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के पुलिस दल पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अपराधियों द्वारा की गई इस कायराना हरकत का पुलिस ने संयम और बहादुरी से सामना किया। दोनों पक्षों के बीच लगभग 40 राउंड अपराधियों की ओर से और 22 राउंड पुलिस की ओर से फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई, वहीं बिहटा थानाध्यक्ष भी चोटिल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य अपराधी अनीश कुमार को गोली लगी, जिसे गंभीर अवस्था में इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। वहीं, घायल पुलिस अधिकारियों को स्थानीय सदर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
मुठभेड़ के दौरान अपनी जान बचाकर नदी में कूदने वाले अन्य अपराधियों की पुलिस गहन तलाश कर रही है। हालांकि, पुलिस ने एक अन्य अपराधी पियूष कुमार को घटनास्थल से ही गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से एक अत्याधुनिक कार्बाइन, एक पिस्टल, दो देसी कट्टे और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही अवैध बालू लदी एक नाव को भी जब्त किया गया है।
पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ है कि घायल अपराधी अनीश कुमार का एक लंबा और गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। पिछले वर्ष भी वह एके-47 जैसे घातक हथियारों की बरामदगी के मामले में चर्चा में रहा था और उसके विरुद्ध आधा दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार साथी पियूष कुमार का भी आपराधिक बैकग्राउंड सामने आया है। वर्तमान में पुलिस दोनों अपराधियों के नेटवर्क और अन्य संपर्कों को खंगाल रही है ताकि इस क्षेत्र में पनप रहे अपराध के तंत्र को पूरी तरह से नष्ट किया जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने इस साहसिक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटना पुलिस रंगदारी, अवैध खनन और हथियारों के जखीरे के खिलाफ पूरी तरह से आक्रामक रुख अपनाए हुए है। फिलहाल, पुलिस पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा रही है और फरार हुए अन्य अपराधियों की धर-पकड़ के लिए नदी के तटीय इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है।

