Health Center – Harigaon: हरिगांव अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की अनुपलब्धता पर प्रशासन के विरुद्ध आक्रोश: पूर्व विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी
- हाइलाइट: Health Center – Harigaon
- जगदीशपुर के हरिगांव अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे सेवाएं बहाल न होने पर जनभावनाएं अब मुखर होने लगी
- भाई दिनेश ने कहा: इस मुद्दे को माननीय मुख्यमंत्री की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान प्रमुखता से उठाया जाएगा
आरा (जगदीशपुर)। भोजपुर जिलांतर्गत हरिगांव स्थित अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं के घोर अभाव और 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं बहाल न होने के विषय पर स्थानीय जनभावनाएं अब मुखर होने लगी हैं। इस मुद्दे को लेकर जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश ने जिला पदाधिकारी (भोजपुर), अनुमंडल पदाधिकारी (जगदीशपुर) एवं सिविल सर्जन (भोजपुर) को औपचारिक आवेदन प्रेषित कर अविलंब ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
बता दें कि पूर्व में आयोजित ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. श्री नवीन चंद्र राम गुलाम के पूर्वजों के गांव हरीगांव स्थित उक्त स्वास्थ्य केंद्र की महत्ता को देखते हुए वहां 24 घंटे डॉक्टर, नर्स, जीवन रक्षक दवाएं, एम्बुलेंस, पैथोलॉजिकल जांच एवं प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराने की सार्वजनिक घोषणा की गई थी।
Health Center – Harigaon: स्वास्थ्य विभाग द्वारा 12 घंटे की आंशिक सेवा भी बहाल नहीं
पूर्व विधायक भाई दिनेश ने प्रशासन को स्मरण कराया कि इस मांग के समर्थन में पूर्व में भी कई बार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन किए गए हैं। इसमें महाधरना और सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव भी शामिल है। प्रशासनिक वार्ताओं के दौरान केवल आश्वासन ही प्राप्त हुए, परंतु जमीनी स्तर पर कोई गुणात्मक सुधार नहीं देखा गया। यहां तक कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 12 घंटे की आंशिक सेवा बहाल करने का जो न्यूनतम आश्वासन दिया गया था, वह भी अब तक पूर्ण नहीं हो सका है।
स्वास्थ्य सेवाओं की इस दयनीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि हरिगांव एवं निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों की जनता, विशेषकर निर्धन वर्ग, असहाय नागरिक और गर्भवती महिलाएं समुचित उपचार के अभाव में भारी संकट का सामना कर रही हैं। आपातकालीन स्थितियों में स्थानीय स्तर पर इलाज न मिलना अत्यंत गंभीर और संवेदनहीनता का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि यदि हरिगांव अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में अविलंब 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं बहाल नहीं की जाती हैं, तो इस मुद्दे को माननीय मुख्यमंत्री की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके साथ ही, जनहित की रक्षा के लिए व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।


