Homeभोजपुरबड़हाराबिहार के आरा में पूर्व विधायक के परिवार पर जानलेवा हमला, तीन...

बिहार के आरा में पूर्व विधायक के परिवार पर जानलेवा हमला, तीन गिरफ्तार

Saroj Yadav Family: भोजपुर जिले के बड़हरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सरोज यादव के परिजनों पर जानलेवा हमला एवं मारपीट का मामला सामने आया है।

  • हाइलाइट: Saroj Yadav Family
  • बड़हरा के पूर्व विधायक के परिवार पर जानलेवा हमला व मारपीट
  • पूर्व विधायक सरोज यादव के तहरीर पर तीन लोगों पर दर्ज हुई प्राथमिकी, तीन गिरफ्तार
  • बड़े भाई, पुत्र, भतिजा और चचेरे भाई को फ्लाईओवर से फेंकने की कोशिश की गई
  • नवादा थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर 15 अप्रैल को घटी घटना

आरा,भोजपुर। जिले के बड़हरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सरोज यादव के परिजनों पर जानलेवा हमला एवं मारपीट का मामला सामने आया है। आरा शहर में हुई इस हिंसक वारदात के बाद से पूर्व विधायक का परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Saroj Yadav Family: आरा बस स्टैंड के समीप फ्लाईओवर की घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 15 अप्रैल की संध्या लगभग साढ़े छह बजे की है। पूर्व विधायक सरोज यादव द्वारा नवादा थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, उनके बड़े भाई विनोद यादव, पुत्र उज्जवल यादव, भतीजे आनंद यादव, विवेक कुमार यादव, आदित्य यादव और चचेरे भाई सोनू यादव आरा बस स्टैंड के समीप फ्लाईओवर के पास गये थे। इसी दौरान श्री टोला, नवादा मोहल्ले के निवासी अंकित कुमार, नीतीश कुमार और सोनू कुमार वहां बुलेट बाइक से पहुंचे और अचानक पूर्व विधायक के परिजनों की गाड़ी पर हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने पूर्व विधायक और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने गाड़ी में सवार विनोद यादव, उज्जवल यादव और अन्य को जबरन बाहर खींचकर मारपीट की। पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी नीतीश कुमार ने अपनी कमर से पिस्तौल निकालकर परिजनों को फ्लाईओवर से नीचे फेंकने का प्रयास किया और लगातार परिवार के सफाए की धमकी देते रहे। इसके अतिरिक्त, हमले के दौरान पीड़ितों के गले से सोने की चेन और अंगूठियां लूट लेने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।

पूर्व विधायक सरोज यादव ने पुलिस को दिए गए आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें या उनके परिवार को निशाना बनाया गया है। इससे पूर्व भी उनके केशोपुर स्थित आवास पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।

इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित कदम उठाए हैं। नवादा थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर कांड दर्ज कर सभी तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular