Dhobi Ghatwa Piro: बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर रविवार सुबह हुई भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मौत
- हाइलाइट: Dhobi Ghatwa Piro
- पुलिस ने तीनो शवों का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
आरा। भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर स्थित धोबी घटवा के समीप रविवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना के बाद आसपास के पूरे इलाके में मातम पसर गया और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
Dhobi Ghatwa Piro : पुलिस ने सदर अस्पताल आरा में कराया पोस्टमार्टम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पीरो थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान कर ली गई है। बिहिया थाना क्षेत्र के धरहरा दलित टोला निवासी बादल मुसहर के 20 वर्षीय पुत्र गोलू मुसहर और उसी गांव के गामा मुसहर के 21 वर्षीय पुत्र शक्ति मुसहर इस हादसे में मारे गए, जो रिश्ते में चाचा-भतीजा थे। वहीं, दूसरे बाइक सवार की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदूनी गांव निवासी स्व. ललन सिंह के 35 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से एक कुशल एल्युमिनियम मिस्त्री थे।
घटना के संबंध में पश्चिमी आयर पंचायत के मुखिया उमेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रदीप कुमार रविवार सुबह अपने घर से पीरो स्थित एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे, जहां उन्हें खिड़की-दरवाजे की मापी का काम करना था। वहीं दूसरी ओर, गोलू और शक्ति काराकाट से वापस अपने गांव लौट रहे थे। धोबी घटवा के समीप दोनों बाइक की भिड़ंत इतनी भयावह थी कि तीनों सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई।
इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवो अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया और पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

