Homeआरा भोजपुरपीरोपीरो एसडीओ कार्यालय के समीप खुले गड्ढे ने छीन ली मासूम की...

पीरो एसडीओ कार्यालय के समीप खुले गड्ढे ने छीन ली मासूम की जान

SDO office Piro: अधूरे निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में भरा था पानी, चारों ओर सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग नहीं होने का आरोप; पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया

indane- shahpur
Shadow
  • हाइलाइट: SDO office Piro
  • पीरो नगर स्थित एसडीओ कार्यालय के समीप निर्माणाधीन सरकारी भवन के पास हुआ हादसा

पीरो/आरा। भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में पानी भरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना पीरो नगर स्थित एसडीओ कार्यालय के समीप निर्माणाधीन सरकारी भवन के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पानी भरे गड्ढे से बालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृत बालक की पहचान पीरो नगर के भागलपुर मोहल्ला, वार्ड नंबर-23 निवासी मो. इमरान खान के 10 वर्षीय पुत्र मो. इशान खान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। बालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

SDO office Piro – पीरो में दर्दनाक हादसा: सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग नहीं

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीरो नगर स्थित एसडीओ कार्यालय के समीप एक सरकारी भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। बताया जाता है कि निर्माण कार्य के दौरान कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से परिसर में एक गहरा गड्ढा खोदा गया था। बारिश के पानी से यह गड्ढा पूरी तरह भर गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गड्ढे के चारों ओर न तो सुरक्षा घेरा बनाया गया था और न ही किसी प्रकार की बैरिकेडिंग की गई थी।

इसी दौरान गुरुवार की शाम इशान खान एसडीओ कार्यालय के समीप निर्माणाधीन सरकारी भवन की ओर चला गया। इसी क्रम में वह पानी भरे गड्ढे में गिर गया और गहरे पानी में डूब गया। कुछ देर बाद लोगों को जानकारी मिली कि एक बालक गड्ढे में डूब गया है। इसके बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर जुटे और बालक को पानी से बाहर निकाला।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पीरो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और बालक के शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

निर्माण एजेंसी पर लापरवाही का आरोप

पीरो नगर वार्ड नंबर-22 के वार्ड पार्षद मो. मेराज खान ने निर्माण एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकारी भवन का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है और निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। गड्ढे के चारों ओर सुरक्षा घेरा या बैरिकेडिंग होती तो संभवत: बालक को हादसे से बचाया जा सकता था। वार्ड पार्षद ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

बताया जाता है कि इशान खान अपने दो भाइयों और एक बहन में दूसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां शाहिस्ता खातून, भाई ईमान खान और बहन आयत हैं। इशान की मौत के बाद उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।

ranjna
Shadow
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
jay kumar (1)

Most Popular