Godhna Road Murder: आरा के नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना सूर्य मंदिर के पास हार्डवेयर दुकानदार उपेंद्र कुमार सिंह की हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटे में खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई राजेश कुमार सिंह और चाचा विजय कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, राजेश ने गोली मारी थी, जबकि विजय ने लाइनर की भूमिका निभाई थी।
- हाइलाइट: Godhna Road Murder
- एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और सात कारतूस बरामद
आरा। नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना सूर्य मंदिर के समीप शनिवार सुबह हुई हार्डवेयर दुकानदार की हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटे में उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक के चचेरे भाई और चाचा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने शनिवार शाम बयान जारी कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हत्या का कारण आपसी जमीन विवाद सामने आया है। मृतक की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहां गांव निवासी स्वर्गीय बैजू सिंह के 36 वर्षीय पुत्र उपेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई। वह वर्तमान में आरा के वार्ड संख्या-44 स्थित गौतम बुद्ध नगर, गोढ़ना में रहते थे। नवादा थाना क्षेत्र के न्यू बहिरो में अपनी जमीन पर उनकी हार्डवेयर की दुकान सह मकान था।
Godhna Road Murder: चचेरे भाई पर गोली मारने का आरोप
पुलिस के अनुसार, उपेंद्र कुमार सिंह की हत्या में उनके चचेरे भाई राजेश कुमार सिंह और चाचा विजय कुमार सिंह की संलिप्तता सामने आई है। राजेश कुमार सिंह ने हार्डवेयर दुकानदार को गोली मारी थी, जबकि विजय कुमार सिंह ने लाइनर की भूमिका निभाई।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार और बरामद कारतूसों की जांच कर रही है।
बच्चों को स्कूल छोड़कर लौटने के दौरान वारदात
बताया जाता है कि उपेंद्र कुमार सिंह शनिवार सुबह अपने ससुराल पालीगंज से आरा लौटे थे। इसके बाद वह बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए गए। बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस लौटने के दौरान गोढ़ना सूर्य मंदिर के समीप हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।






