Jagdishpur: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर को जगदीशपुर आने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं। खेल मैदान में दो हेलीपैड बनाए जा रहे हैं और वीर कुंवर सिंह किले तक सड़क पर बैरिकेडिंग शुरू कर दी गई है।
- हाइलाइट: Jagdishpur @khabre-apki
- खेल मैदान से वीर कुंवर सिंह किले तक बदलेगा नजारा, तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
जगदीशपुर/आरा। सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर को जगदीशपुर आने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभियंता और कर्मचारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
नगर के खेल मैदान में भवन निर्माण विभाग की ओर से दो हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है। हेलीपैड स्थल से खेल मैदान के मुख्य द्वार तक एप्रोच पथ बनाने का काम भी जारी है। मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और विभागीय सचिवों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से अभी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का आधिकारिक शेड्यूल या मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
Jagdishpur: सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर
खेल मैदान से वीर कुंवर सिंह किले के मुख्य द्वार तक सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। नगर के प्रमुख मार्गों पर लगी लाइटों को दुरुस्त किया जा रहा है। कई स्थानों पर पुराने तारों को बदलने का कार्य भी कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल और किले तक पहुंचने वाले मार्गों को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
डीडीसी और एसडीएम ने तैयारियों का लिया जायजा

रविवार को डीडीसी अरुण प्रकाश और एसडीएम ओम प्रकाश लाल ने अधिकारियों के साथ खेल मैदान सहित अन्य स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, यातायात और आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि योजना एवं विकास मंत्री सह स्थानीय विधायक श्रीभगवान सिंह कुशवाहा द्वारा मुख्यमंत्री के आगमन की जानकारी दिए जाने के बाद से ही प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

