Homeआरा भोजपुरकोइलवरसिर पर सेहरा सजने से 15 दिन पहले ही घर से उठ...

सिर पर सेहरा सजने से 15 दिन पहले ही घर से उठ गई अर्थी

पटना के युवक की संदिग्ध मौत: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, दोस्तों पर हत्या का गंभीर आरोप

Baburbani: कोईलवर थाना क्षेत्र के बबुरबानी गांव स्थित चाय दुकान के पीछे मैजिक वाहन से गुरुवार की सुबह मिला शव

  • हाइलाइट: Baburbani
  • घर से निकले पटना निवासी युवक का शव भोजपुर में बरामद
  • परिजन ने पूर्व के विवाद को लेकर दो दोस्तों पर ही गला दबाकर हत्या का लगाया आरोप


आरा। घर से निकले पटना निवासी युवक का शव दूसरे दिन बरामद हुआ। उसका शव कोईलवर थाना क्षेत्र के बबुरबानी गांव वार्ड नंबर-14 स्थित चाय दुकान के पीछे खड़ी मैजिक वाहन से गुरुवार की सुबह बरामद हुआ। परिजन द्वारा उसके दो दोस्तों पर ही उसकी गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई। सूचना मिलते ही कोईलवर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार मृतक पटना जिले के विक्रम थाना क्षेत्र के बड़की बलियारी गांव निवासी सुनील कुमार का 20 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार है। वह गांव पर रहकर खेती करता था। इधर, मृतक के चचेरे चाचा विनय कुमार ने बताया कि उसके दादा का देहांत हो गया था। बुधवार को श्राद्ध कर्म था। बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने दोस्त गोलू और सन्नी कुमार के साथ घर से निकला था।

Baburbani : आकाश का शव मैजिक वाहन में पड़ा था

बाइक गोलू कुमार की थी। इसी बीच रात करीब 11 बजे गोलू कुमार के चाचा द्वारा फोन कर बताया गया कि मेरा गोलू मिल नहीं रहा था, तो हम लोग खोजबीन करने निकले थे। इस दौरान कोईलवर बबुरबानी गांव स्थित सोन नदी के किनारे झाड़ी में शव मिला है। सूचना पाकर परिजन बबुरबानी गांव पहुंचे, तो देखा कि आकाश का शव मैजिक वाहन में पड़ा था। जिसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

वही मृतक के चचेरे चाचा विनय कुमार ने बताया गांव में आठ दिन पूर्व गोलू कुमार के बच्चे एवं उनके घर के बच्चों के बीच हुए झगड़े हुआ था। उसी विवाद में गोलू कुमार एवं सन्नी कुमार पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

वहीं पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतक अपने दो बहन व एक भाई में बड़ा था। उसकी शादी पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के नवादा गांव में तय हुई थी। इसी माह 20 जून को तिलक और 25 जून को बारात जाने वाली थी। घर में लोग उसकी शादी की तैयारी कर रहे थे और खुशियां मना रहे थे। तभी उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

घरवालों उसके सिर पर सेहरा सजाने की तैयारी में थे। सेहरा सजने से पहले ही घर से उसकी अर्थी उठ गई। उसके परिवार में मां दुर्गा देवी व दो बहन नेहा कुमारी एवं अस्मिता कुमारी है। घटना के बाद मृतक के घर में रोना-धोना मच गया। उसकी मां दुर्गा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के आरा निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। डॉ. कृष्ण कुमार हिन्दी समाचार खबरें आपकी के संपादक एवं न्यूज पोर्टल वेबसाईट के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular