Homeबिहारआरारक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं, आरा में रक्तदाताओं को सम्मानित किया...

रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं, आरा में रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया

Ara Red Cross: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, भोजपुर जिला इकाई द्वारा संचालित रेड क्रॉस ब्लड सेंटर, आरा में एक भव्य रक्तदाता सम्मान समारोह एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

  • हाइलाइट: Ara Red Cross
  • रक्तदाता सम्मान समारोह एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन

आरा। मानव जीवन को बचाने की दिशा में रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए, विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, भोजपुर जिला इकाई द्वारा संचालित रेड क्रॉस ब्लड सेंटर, आरा में एक भव्य रक्तदाता सम्मान समारोह एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष का विश्व रक्तदाता दिवस का मूल स्लोगन “मानवता के लिए एक बूंद, आप रक्तदान दें और दूसरे के जीवन को सुरक्षित करें” रहा, जो हर व्यक्ति को समाज के प्रति उनके उत्तरदायित्व की याद दिलाता है।

Ara Red Cross : जिन्होंने जीवन रक्षा के मिशन को गति प्रदान की उन्हे सम्मानित किया गया

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के युवाओं को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना और नियमित रक्तदाताओं के योगदान को मान्यता प्रदान करना था। कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल 2025 से 14 जून 2026 की अवधि के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले उन सभी रक्तदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने पूरे वर्ष में चार बार, तीन बार या दो बार रक्तदान कर जीवन रक्षा के मिशन को गति प्रदान की। इन रक्तवीरों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर उनके जज्बे को सलाम किया गया।

भोजपुर की 15 संस्थाओं को सम्मानित किया गया

रक्तदान को एक जन-आंदोलन बनाने की दिशा में संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस आयोजन में भोजपुर की 15 अग्रणी संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्ष भर रक्तदान शिविरों के सफल संचालन में अपना बहुमूल्य सहयोग दिया। सम्मानित होने वाली संस्थाओं में विहंगम योग संस्थान, रोटरी क्लब ऑफ आरा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, लायंस क्लब ऑफ आरा आधुनिक, प्रेरणा एक पहल फाउंडेशन, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, पीएनबी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और श्री हनुमत मंदिर जीणोद्धार समिति प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। शिविर में कुल 25 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस रक्तदान में रेड क्रॉस के आजीवन सदस्यों के साथ-साथ महाराजा कॉलेज आरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के युवा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी रक्तदाताओं को उनके इस निस्वार्थ योगदान के लिए प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

सुश्री शर्मा ने इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की

इस गरिमामयी समारोह की अध्यक्षता रेड क्रॉस ब्लड सेंटर के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा कार्य है जो न केवल प्राप्तकर्ता के जीवन को बचाता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य और आत्म-संतुष्टि के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक निबंधन पदाधिकारी सुश्री रुचि शर्मा उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में सुश्री शर्मा ने इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

उन्होंने जानकारी दी कि निबंधन कार्यालय द्वारा भी हाल ही में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें 16 रक्तदाताओं ने सहभागिता की थी। उन्होंने कहा कि रक्तदान के इस महादान की संस्कृति को और आगे बढ़ाने के लिए विभाग भविष्य में भी मेगा कैंप आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं के आगे बढ़कर रक्तदान करने के साहस की सराहना करते हुए कहा कि यही ऊर्जा समाज में सकारात्मक बदलाव लाती है।

रक्तदान की प्रक्रिया, अनुभव और उससे होने वाले लाभ की जानकारी

डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा (संरक्षक सह संयोजक रक्तदान कमिटी) ने रक्तदान की प्रक्रिया और उससे होने वाले लाभ के बारे में बृहद रूप से जानकारी दी। भुवन पांडेय ने बताया कि आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता बढा करके रक्तदान के प्रति समाज के योगदान प्रक्रिया में प्रेरणा एक पहल फाउंडेशन प्रयासरत है। रेडक्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य स्वैच्छिक रक्तदाता जिन्होंने लगभग 55-56 बार रक्तदान किया है। सुनील पांडेय ने अपने अनुभव को बताते हुए रक्तदान की प्रक्रिया पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।

आज के कार्यक्रम को संरक्षक मो. मजहर हसनैन, वरिष्ठ सदस्य राम कुमार सिंह, अवधेश पांडेय, डाॅ. विजय गुप्ता ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में उप संरक्षक कृष्ण माधव अग्रवाल, संजीव गुप्ता, सदस्यों में मनोज कुमार गुप्ता, गुप्तेश्वर सिंह एवं अन्य लोगों की भी उपस्थिति सराहनीय रही। संचालन रेडक्रॉस की सचिव डॉ. विभा कुमारी एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ सदस्य अशोक शर्मा ने की। आज के रक्तदाताओं में रुपाली कुमारी, राकेश कुमार तिवारी, बिट्टू कुमार, प्रिंस पासवान, अभिनव कुमार, रुपेश कुमार श्रीवास्तव, अमन कुमार, धनोज कुमार केवट, विशाल कुमार सिंह, अमरजीत कुमार, रवि सिंह, सोनू कुमार सिंह, विकास कुमार, नरेंद्र कुमार सिंह, रवि नंदन सिंह, सुनील कुमार, अंकित कुमार सिंह आदि थे।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के आरा निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। डॉ. कृष्ण कुमार हिन्दी समाचार खबरें आपकी के संपादक एवं न्यूज पोर्टल वेबसाईट के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular