Homeबिहारआरा भोजपुरसरेंडर के बाद एनकाउंटर पर उठने लगे सवाल?

सरेंडर के बाद एनकाउंटर पर उठने लगे सवाल?

Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी द्वारा किए गए आखिरी फेसबुक लाइव में भी वह बंदूक पुलिस की ओर फेंककर समर्पण करते हुए नजर आ रहा है।

  • हाइलाइट: Bharat Tiwari Encounter
  • भरत तिवारी के परिवार ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल?

आरा। भोजपुर पुलिस एनकाउटंर में मारे गए भरत तिवारी के परिवार वालों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की मां का कहना है कि बेटे ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था, इसके बावजूद उसे गोली मारी गई। परिजन के साथ गांव के कुछ लोग भी इस एनकाउंटर पर सवाल खड़े कर रहे हैं। बुधवार को भरत तिवारी द्वारा किए गए आखिरी फेसबुक लाइव में भी वह बंदूक पुलिस की ओर फेंककर समर्पण करते हुए नजर आ रहा है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। भोजपुर एसपी राज ने कहा कि पुलिस ने आत्मरक्षा में पैर पर गोली चलाई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक भरत भूषण तिवारी शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव का रहने वाला था। वह पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर पुलिस एवं प्रशासन को चुनौती देते हुए हथियार के साथ वीडियो पोस्ट कर रहा था। एक दिन पहले शाहपुर थाने की टीम जब उसके घर पहुंची थी, तो उसने पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तान दी थी। फिर थानेदार और उसकी मां ने समझाकर उसे शांत कराया था। बताया गया कि पुलिस लगातार युवक पर नजर बनाए हुए थी। मंगलवार शाम को भी युवक ने पुलिस पर फायरिंग की थी।

Bharat Tiwari Encounter: आखिरी फेसबुक लाइव में बंदूक नीचे रखता दिखा भरत

भरत तिवारी लगातार पुलिस से मुठभेड़ का फेसबुक लाइव कर रहा था। उसका आखिरी वीडियो फेसबुक पर बुधवार सुबह लगभग साढ़े 9 बजे लाइव हुआ था। उसमें वह एसटीएफ के कर्मियों के सामने की ओर कुछ दूरी पर खड़े होकर कह रहा है कि पुलिस ने उसकी मांगों पर विचार करने की बात कही है। इसलिए वह आत्मसमर्पण करने जा रहा है। लाइव वीडियो के सबसे आखिरी में भरत अपनी पिस्टल पुलिस की तरफ फेंक देता है। इसके बाद फेसबुक लाइव बंद हो जाता है।

एसपी बोले- एसटीएफ के जवानों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई

भोजपुर के एसपी राज ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि सुबह 9 बजे के लगभग पुलिस को सूचना मिली कि शाहपुर के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी नाम का व्यक्ति हाथ में पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग कर रहा है। इसके बाद स्थानीय पुलिस और भोजपुर एसटीएफ की टीम ने उसे सरेंडर करने को कहा। मगर युवक हाथ में पिस्टल लेकर पुलिस पर लगातार रुक-रुककर फायरिंग करता रहा। इससे आम लोगों के जानमाल का खतरा पैदा हो गया।

एसपी के अनुसार, उसे काबू में करने के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट पहने एसटीएफ के जवानों ने उसके पास जाने की कोशिश की। जब जवान उसकी तरफ बढ़ने लगे तो उसने पुलिस को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। फिर पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया। इससे युवक के पैर में गोली लग गई। इलाज के दौरान उसकी पटना के पीएमसीएच में मौत हो गई।

एसडीएम को मारने की धमकी दी, पुलिस बोली- मानसिक रूप से बीमार था

भरत तिवारी बीते कई दिनों से सोशल मीडिया पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जहर उगल रहा था। क्षेत्रीय मुद्दों को उठाते हुए फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट कर रहा था। उसने एक वीडियो में एसडीएम का एनकाउंटर करने की धमकी भी दी थी। स्थानीय पुलिस के अनुसार, युवक मानसिक रूप से बीमार था और उसके पास अवैध पिस्टल भी थी।

बीते दो दिनों से उसे पकड़कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करने के प्रयास किए जा रहे थे। मगर उसके पास पिस्टल होने के चलते पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। मंगलवार को भरत तिवारी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसमें वह खाट पर लेटे हुए पुलिसकर्मियों को पिस्टल दिखाते हुए नजर आया था। पुलिस ने उसके हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है। उसके पास अवैध पिस्टल कहां से आई, यह भी पता लगाया जा रहा है।

NEWS PAPERS
NEWS PAPERS
NEWSPAPERS Covers all Breaking News in Hindi

Most Popular