Former MLA Bhai Dinesh: भाई दिनेश ने प्रशासनिक अधिकारियों और उनके अधीन कार्यरत कर्मचारियों की आय से अधिक संपत्ति की जांच का भी आह्वान किया
- हाइलाइट: Former MLA Bhai Dinesh
- भाई दिनेश ने भ्रष्टाचार और प्रशासनिक निष्क्रियता पर उठाए गंभीर प्रश्न
आरा, बिहार। जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन की जवाबदेही पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा की जगदीशपुर नगर, अंचल, प्रखंड और अनुमंडल में व्याप्त भ्रष्टाचार और प्रशासनिक कुव्यवस्था से आमजन के बीच गहरा असंतोष देखा जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी महोदय से इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
पूर्व विधायक भाई दिनेश ने अपने वक्तव्य में सीधे तौर पर पूछा है कि अंचल, प्रखंड और अनुमंडल में व्याप्त भ्रष्टाचार और ‘काले कारनामों’ पर ‘बुलडोजर’ कब चलेगा? उन्होंने जिलाधिकारी महोदय से इसके खिलाफ ठोस और निर्णायक कार्रवाई की अपेक्षा की है। पूर्व विधायक ने प्रशासन पर स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण को अभी तक चिन्हित न कर पाने का आरोप लगाया है।
वेंडिंग जोन जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध नहीं: सबसे गंभीर आरोप यह है कि गरीब दुकानदारों से पैसे वसूले जाते हैं, लेकिन उनके लिए वेंडिंग जोन जैसी बुनियादी सुविधाएँ तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। यदि गरीबों से किसी प्रकार का शुल्क लिया जाता है, तो बदले में उन्हें एक व्यवस्थित और सुरक्षित व्यापारिक स्थान उपलब्ध कराना प्रशासन का नैतिक एवं कानूनी दायित्व है।
दस वर्षों से अधिक समय से जमे कर्मचारी: भाई दिनेश ने प्रशासनिक अधिकारियों और उनके अधीन कार्यरत कर्मचारियों की आय से अधिक संपत्ति की जांच का भी आह्वान किया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि दस वर्षों से अधिक समय से कर्मचारी जगदीशपुर नगर, अंचल, प्रखंड और अनुमंडल में क्यों जमे हुए हैं? जिस पर पूर्व विधायक ने अपनी चिंता व्यक्त की है।
गरीबों की दुकानें उजाड़े जाने पर स्थानीय विधायक की चुप्पी: पूर्व विधायक ने जगदीशपुर बाजार में गरीबों की दुकानें उजाड़े जाने पर स्थानीय विधायक की चुप्पी को उन्होंने प्रशासन के प्रति एक तरह का ‘मौन समर्थन’ करार दिया है। विधायक की खामोशी जनता के बीच कई तरह के संदेह पैदा करती है और यह धारणा पुष्ट करती है कि उन्हें गरीबों के हितों की उतनी परवाह नहीं है जितनी होनी चाहिए। पूर्व विधायक भाई दिनेश ने जगदीशपुर नगर पंचायत बाजार के गरीब, किसान, मजदूर, युवा और फुटपाथी दुकानदार भाइयों से एकजुट होने का आह्वान किया है। उन्होंने यह विश्वास दिलाया है कि वे उन्हें न्याय दिलाने के लिए हमेशा खड़े रहेंगे।


