Mukundpur Firing: भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में मंगलवार की देर रात शादी समारोह में हर्ष फायरिंग हुई।
- हाइलाइट: Mukundpur Firing
- जख्मी तरारी थाना क्षेत्र के जेठवार गांव निवासी
आरा, भोजपुर। जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में मंगलवार की देर रात शादी समारोह में हर्ष फायरिंग हुई। इस दौरान आर्मी जवान को गोली लग गई। जख्मी जवान को दाहिने हाथ में केहुनी के नीचे गोली लगी है, जो दाहिने जांघ में जाकर फंस गई। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया। घटना के बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलते ही चरपोखरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जख्मी तरारी थाना क्षेत्र के जेठवार गांव निवासी स्व. राजेंद्र साह का 33 वर्षीय पुत्र भोला साह है। वह आर्मी में हॉर्स राइडर है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के मेरठ में आरसीबी सेंटर में कार्यरत है।
Mukundpur Firing : नाच प्रोग्राम में लगी गोली
इधर, जख्मी भोला साह ने ‘खबरे आपकी’ बताया कि चरपोखरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी उसके मामा श्रीराम साह की पुत्री की बारात अरवल जिले के प्रसादी इंग्लिश गांव से आई थी। जिसमें वह अपने परिवार के साथ शामिल होने गया था। बारात में नाच का प्रोग्राम था। नाच में ही उसे गोली लग गई।
वहीं इलाज कर रहे सर्जन डॉ. विकास सिंह ने बताया कि जख्मी जवान को बाएं जांघ पर गोली लगी थी। ऑपरेशन कर बुलेट निकाल दिया गया है और उसके डैमेज पार्ट्स को रिपेयर कर दिया गया है। हालांकि उसे अभी ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा।
इस संबंध में चरपोखरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मुकुंदपुर गांव में बारात आई थी। जिसमें वह भी शामिल होने के लिए आया था। वहीं पर उसे गोली लगी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि उसने ही अपने पास हथियार रखा था और उसी हथियार से उसे गोली लगी है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।


