Diamond Jubilee – शिक्षा के 60 वर्ष: शाहपुर के निर्मला शिक्षा भवन उच्च विद्यालय ने सिस्टर मैरी वार्ड को याद करते मनाई हीरक जयंती, मंत्री जमा खान हुए शामिल
- हाइलाइट: Diamond Jubilee
- अनवर आलम (पूर्व विधायक, आरा) आशा देवी (अध्यक्ष) जिला पार्षद, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आरा, बिहार। भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड-11 में स्थित निर्मला शिक्षा भवन उच्च विद्यालय ने शनिवार को अपनी स्थापना के गौरवशाली 60 वर्ष पूरे होने पर हीरक जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया। 06 दिसंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में जमा खान (मंत्री, बिहार सरकार) मुख्य अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि अनवर आलम (पूर्व विधायक, आरा) आशा देवी (अध्यक्ष) जिला पार्षद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ एकत्र हुए और हीरक जयंती के अवसर पर सिस्टर मैरी वार्ड को सम्मान पूर्वक याद किया। यह अवसर न केवल विद्यालय की दशकों लंबी शैक्षिक यात्रा का उत्सव था, बल्कि इसकी प्रेरणा श्रोत सिस्टर मैरी वार्ड के दूरदर्शी दृष्टिकोण और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को याद करने का भी एक महत्वपूर्ण दिन था।
Diamond Jubilee : छात्र-छात्राओं ने सिस्टर मैरी वार्ड के आदर्शों और मूल्यों को किया याद
उत्सव का आरंभ प्रार्थना और सिस्टर मैरी वार्ड के जीवन तथा उनके शिक्षा दर्शन पर प्रकाश डालते हुए हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और श्रद्धा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें मनमोहक भजन और स्वागत गायन शामिल थे, जिन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों ने अपनी नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भरा, जो ऊर्जा और कलात्मकता से परिपूर्ण थीं। सिस्टर मैरी वार्ड के जीवन और उनके संघर्षों को दर्शाते हुए नाटक का मंचन भी किया गया, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया और उनके त्याग व समर्पण को समझने में मदद की। इन सभी प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने सिस्टर मैरी वार्ड के आदर्शों और मूल्यों को याद किया।
मंत्री जमा खान ने विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन को दी बधाई
मुख्य अतिथि जनाब जमा खान ने अपने संबोधन में निर्मला शिक्षा भवन उच्च विद्यालय के 60 वर्षों के सफल शैक्षिक सफर की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय न केवल ज्ञान का केंद्र रहा है, बल्कि इसने अनगिनत विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ सशक्त बनाया है। मंत्री महोदय ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन को उनके अथक प्रयासों के लिए बधाई दी और छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही सड़क की समस्या को तीन महीने के अंदर दूर करने और विद्यालय को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि अनवर आलम व आशा देवी ने भी विद्यालय की उपलब्धियों की प्रशंसा की और कहा कि निर्मला शिक्षा भवन ने क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने में अतुलनीय योगदान दिया है। उन्होंने सिस्टर मैरी वार्ड के दूरदर्शी विचारों और उनके सेवा भाव को याद किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को लगन और मेहनत से अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
हीरक जयंती समारोह के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि को अंग वस्त्र से सम्मानित किया साथ ही सभी उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि निर्मला शिक्षा भवन भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और छात्रों को समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा, साथ ही शिक्षा और सेवा का यह संगम आने वाले कई दशकों तक समाज को आलोकित करता रहेगा।











