HomeNewsबिहारहोली पूर्व भोजपुर में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई

होली पूर्व भोजपुर में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई

Prohibition department: उत्तर प्रदेश एवं चण्डीगढ़ से लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब भोजपुर में जप्त, तीन गिरफ्तार

  • हाइलाइट: Prohibition department
  • दो वाहनों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, यूपी के तीन तस्कर गिरफ्तार
  • उक्त वाहनों से कुल 2304 पीस में 494.88 लीटर शराब जप्त
  • जप्त शराब का बाजार मूल्य करीब 06 लाख रुपये आँका गया

भोजपुर। आगामी होली पर्व के मद्देनजर जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया के कड़े निर्देशों के आलोक में मद्यनिषेध विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी और वाहन जाँच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जप्त की है, जिसे उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ जैसे राज्यों से बिहार लाया जा रहा था।

सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश के नेतृत्व में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों से शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। विभाग को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई ख्वासपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ख्वासपुर सड़क पुल के पास की गई। यहाँ वाहन जाँच के दौरान एक महिंद्रा बोलेरो को रोका गया, जिससे 132 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इस वाहन पर झारखंड की निबंधन संख्या अंकित पाई गई है।

दूसरी बड़ी सफलता गीधा थाना क्षेत्र के कायमनगर सब्जी मंडी के पास मिली, जहाँ एक महिंद्रा एक्सयूवी 300 कार से 362.88 लीटर विदेशी शराब जप्त की गई। इस कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि कार पर बिहार (पटना) की नंबर प्लेट लगी हुई थी, परंतु वाहन की तलाशी लेने पर अंदर से हरियाणा की एक अन्य नंबर प्लेट बरामद हुई। इससे यह स्पष्ट होता है कि तस्कर पुलिस की आँखों में धूल झोंकने के लिए विभिन्न राज्यों की फर्जी नंबर प्लेटों का सहारा ले रहे थे।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान विभाग ने कुल 494.88 लीटर (2304 पीस) विदेशी शराब जप्त की है। बाजार में इस जप्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 06 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ और जाँच में यह बात सामने आई है कि जप्त शराब को उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ से तस्करी कर भोजपुर लाया जा रहा था।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग ने तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र (कोडरा वार्ड नंबर दो) निवासी कृष्णा कुमार, धन्जी कुमार और सुनील कुमार के रूप में हुई है। मद्यनिषेध विभाग द्वारा गिरफ्तार तीनों तस्करों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें अग्रतर कार्रवाई हेतु न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया है। इस सफल छापेमारी अभियान में निरीक्षक प्रकाश चंद्र, अवर निरीक्षक शिवम कुमार झा एवं सहायक अवर निरीक्षक रवि कुमार के साथ-साथ मद्यनिषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular