Thursday, February 19, 2026
No menu items!
Homeआरा भोजपुरशाहपुरशाहपुर नपं में सामुदायिक शौचालयों की कमी से स्वच्छता का बढ़ता संकट

शाहपुर नपं में सामुदायिक शौचालयों की कमी से स्वच्छता का बढ़ता संकट

Sanitation crisis: शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 02 से 09 तक में सामुदायिक शौचालयों की अनुपलब्धता ‘खुले में शौच मुक्त’ (ODF) स्थिति के लिए एक बड़ा प्रश्न है।

  • हाइलाइट: Sanitation crisis
    • शाहपुर नगर पंचायत में स्वच्छता का संकट:
    • नगर के आठ वार्डों में सामुदायिक शौचालयों का अभाव
    • वार्ड संख्या-10 व 11 में बने सामुदायिक शौचालय बंद

आरा। शाहपुर नगर पंचायत के जमीनी पड़ताल से जो तथ्य सामने आए हैं, वे न केवल चौंकाने वाले हैं, बल्कि नगर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के प्रति गंभीरता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करते हैं। शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 02 से लेकर वार्ड संख्या 09 तक, यानी कुल आठ वार्डों में एक भी सामुदायिक शौचालय उपलब्ध नहीं है। यह आंकड़ा अपने आप में एक गंभीर समस्या की ओर इशारा करता है।

शाहपुर नगर पंचायत में कुल 11 वार्ड हैं, और यह जानकर हैरानी होती है कि इनमें से मात्र 3 वार्डों में ही सामुदायिक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा प्रदान की गई है और मात्र एक वार्ड में सामुदायिक शौचालय क्रियाशील है। अन्य दो वार्डों में बने सामुदायिक शौचालय भी क्रियाशील नहीं है। इसका अर्थ यह है कि नगर पंचायत की एक बड़ी आबादी, स्वच्छता की इस बुनियादी आवश्यकता से वंचित है।

सामुदायिक शौचालयों की अनुपलब्धता का सीधा और गहरा प्रभाव निवासियों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। खुले में शौच से न केवल व्यक्तिगत गरिमा भंग होती है, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलती है, जिससे पूरे नगर पंचायत की छवि धूमिल हो रही है।

इसे नगर प्रशासन और जन प्रतिनिधियों के बीच प्राथमिकताओं के निर्धारण में चूक से इनकार नहीं किया जा सकता है। नगर में सही भूमि की पहचान, सामुदायिक शौचालयों के निर्माण के लिए सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि वार्ड एक को छोड़कर अन्य दो वार्डों (१० व ११) में जो सामुदायिक शौचालयों का निर्माण हुआ है वो क्रियाशील नहीं है। सरकारी भूमि उपलब्ध रहने के बावजूद मुख्य बाजार में सामुदायिक शौचालय नहीं है, जिससे महिलाओं को काफी परेशानी होती है।

Sanitation crisis: ‘खुले में शौच मुक्त’ (ODF) शाहपुर नगर पंचायत

‘स्वच्छ भारत अभियान’ का लक्ष्य केवल निजी शौचालयों का निर्माण करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि कोई भी व्यक्ति खुले में शौच करने के लिए मजबूर न हो। सामुदायिक शौचालय इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे शहरों को ‘खुले में शौच मुक्त’ (ODF) स्थिति तक पहुंचने में मदद मिलती है। लेकिन शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 02 से 09 तक में सामुदायिक शौचालयों की अनुपलब्धता ‘खुले में शौच मुक्त’ (ODF) स्थिति के लिए एक बड़ा प्रश्न है।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur

Most Popular