SP Raj: आरा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी: लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर
- हाइलाइट: SP Raj
- डबल डिस्पोजल’ का लक्ष्य पूरा करने वाले थानाध्यक्ष तथा अंचल निरीक्षक एक-एक सुसेवांक से होंगे पुरस्कृत
- निर्धारित लक्ष्य प्राप्त नही करने वाले थानाध्यक्षों से शो-काॅज
- मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में बोले पुलिस अधीक्षक राज
आरा: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में रविवार को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक राज ने की। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले की समग्र विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसके तहत लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और पेशेवर अपराधियों की जमानत रद्द कराने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों को पुरस्कृत:
गोष्ठी के दौरान उन पुलिस थानों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहा गया जिन्होंने ‘डबल डिस्पोजल’ के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा किया है। इनमें आरा नगर, आरा नवादा, गजराजगंज, कोइलवर, बड़हरा, चौरी और ईमादपुर थाने शामिल हैं। इन थानों के थानाध्यक्षों और अंचल निरीक्षकों को उनके सराहनीय कार्य के लिए एक-एक सुसेवांक से पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया।
इसके विपरीत, जिन थानाध्यक्षों द्वारा निर्धारित लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सका, उन्हें स्पष्टीकरण (शोकाॅज) जारी करते हुए कड़े निर्देश दिए गए। उन्हें अगले माह अनिवार्य रूप से लंबित मामलों का दोगुना निष्पादन करने का सख्त आदेश दिया गया है।
आगामी त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता:
पुलिस अधीक्षक ने आगामी सरस्वती पूजा और महावीर झंडा जुलूस के मद्देनजर विशेष एहतियात और चौकसी बरतने के निर्देश दिए। इन त्योहारों के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को पूरी तरह से मुस्तैद रहने को कहा गया।
मासिक अपराध गोष्ठी में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति:
मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान सदर एसडीपीओ-वन राज कुमार साह, सदर एसडीपीओ-दो रंजीत कुमार सिंह, पीरो एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह, जगदीशपुर एसडीओपी राजेश कुमार शर्मा, ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु, साइबर डीएसपी स्नेह सेतू, मुख्यालय डीएसपी चंदेश्वर प्रसाद, नगर थानाध्यक्ष देवराज राय, नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी, मुफस्सिल थानाध्यक्ष दीपक कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहें।

