HomeNewsक्राइमहोली की रात जिंदा भस्म हो गयी महिला, चार गिरफ्तार

होली की रात जिंदा भस्म हो गयी महिला, चार गिरफ्तार

Suhiya Shahpur Crime Story: भोजपुर में मारपीट करने के बाद झोपड़ी में लगा दी आग, जिंदा भस्म हो गयी महिला

jay kumar
  • शाहपुर थाना क्षेत्र के सुहियां टोला गांव की बुधवार की रात की घटना
  • मृत महिला के परिजनों की ओर से पड़ोस के लोगों पर लगाया जा रहा आरोप
  • मारपीट में दोनों पक्षों के पांच लोगों को आयी चोटें, आरा में चल रहा इलाज
  • मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को महिला के परिजनों की से किया गया हंगामा
  • घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटी पुलिस, चार गिरफ्तार
  • एसपी बोले: शुरुआती जांच में खुद से आग लगाने की सामने आ रही बात

Bihar/Ara:भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के सुहियां टोला गांव में बुधवार की रात मारपीट के बाद एक झोपड़ी में आग लग दी गयी। उससे झोपड़ी में सो रही एक अधेड़ महिला जिंदा जल गयी। मृत महिला सुहिया टोला गांव निवासी नन्हक डोम की 56 वर्षीया पत्नी विमला देवी थी। मारपीट में भी दोनों पक्षों के पांच लोग चोटिल हो गए हैं। मृत महिला के परिजनों की ओर से मारपीट और आग लगाने का आरोप पड़ोस के कुछ लोगों पर लगाया जा रहा है। ‌

इधर, घटना के बाद महिला के परिजनों की ओर से जमकर हंगामा किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस को शव उठाने भी से रोक दिया गया। परिजनों की ओर से आरोपितों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की जा रही थी। पीएम आवास योजना के तहत पक्का मकान बनाने की मांग भी की जा रही थी। इधर, सूचना मिलने पर जगदीशपुर एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह, शाहपुर बीडीओ राकेश कुमार, सीओ श्रेया मिश्रा, बिहिया सर्किल इंस्पेक्टर कमलेश्वर कुमार, शाहपुर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार और करनामेपुर ओपी प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

अफसरों द्वारा परिजनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। उसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया‌। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उसमें सुहिया टोला गांव निवासी संतोष चौधरी, धनजी चौधरी , गोविंद चौधरी और सरोज चौधरी शामिल हैं।

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की गहन छानबीन की जा रही है। कहा कि अबतक की जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में मारपीट के बाद महादलित परिवार द्वारा दूसरे पक्ष के हमले से बचने के लिए खुद से ही अपनी झोपड़ी में आग लगाये जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि इस मामले में चार मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। घटना के सभी तथ्यों की छानबीन की जा रही है।

Suhiya Shahpur Crime Story: महिला को घर से खींच कर ले जाने को लेकर विवाद में भिड़े दोनों पक्ष

मृत विमला देवी के पति नन्हक डोम ने बताया कि गांव के ही संतोष चौधरी उनके घर की एक महिला को पकड़कर जबरन अपने साथ ले जा रहे थे। उसका विरोध करने पर मारपीट भी की जाने लगी। उसके बाद आरोपितों द्वारा उनके झोपड़ी में आग लगा दी गयी और उनकी पत्नी को उसी आग में फेंक दिया गया। उससे वह बुरी तरह झुलस गयी और उसकी मौत हो गई।

इधर, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संतोष चौधरी पक्ष द्वारा विमला देवी के घर की एक महिला को रंग लगाया जा रहा था। उसे लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले नोकझोंक हुई। उसके बाद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गये और जमकर मारपीट हुई। उसमें भगेलू चौधरी के पुत्र संतोष चौधरी, स्व.ठेला चौधरी के 32 वर्षीय पुत्र सरोज चौधरी , रामनाथ चौधरी के पुत्र धनजी चौधरी जबकि विमला देवी के पक्ष के भी कुछ लोग शामिल हैं।

इधर, ग्रामीणों के अनुसार जिस समय झोपड़ी में आग लगी। उस समय महिला झोपड़ी में सो रही हुई थी। अचानक आग लगने से झोपड़ी का पूरा मलवा उसके शरीर पर गिर गया। उसमें झुलसने के कारण उसकी मौत हो गयी। उसे देख स्थानीय लोगों की ओर से आग बुझाने का काफी प्रयास किया गया। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उसके बाद एंबुलेंस से महिला को अस्पताल ले जाया गया।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular