- हाइलाइट: Police Encounter in Bihiya
- नये ठिकानों की ओर भागने की तैयारी या किसी बड़ी वारदात को अंजाम की थी साजिश
- सोमवार की शाम से ही तीनों अपराधियों की टोह में लगी थी भोजपुर पुलिस
बिहार (आरा)। पटना के हॉस्पिटल में दिनदहाड़े कुख्यात चंदन मिश्रा को गोलियों से भून कर राजधानी सहित सूबे को दहला देने वाली वारदात को अंजाम देने के बाद तीन अपराधी भोजपुर में छुपे थे। ऐसे में इनके बिहिया इलाके में छुपे होने को लेकर तरह तरह की चर्चाएं चल रही है। कुछ लोगों का कहना है कि तीनों किसी नये ठिकानों की ओर भागने की तैयारी में बिहिया इलाके में पहुंचे थे।
कहा जा रहा है कि तीनों बिहिया से किसी ट्रेन से किसी दूसरे राज्य भागने की फिराक में थे। उसे लेकर तीनों पहले रवि रंजन कुमार सिंह के पैतृक गांव चकरही पहुंचे। उसके बाद मंगलवार अहले सुबह बिहिया की ओर निकले थे। तभी रास्ते में एसटीएफ और पुलिस से भिड़ंत हो गई। उस दौरान दोनों ओर से जमकर गोलियां चली। उसमें रवि रंजन कुमार सिंह और बलवंत सिंह पुलिस की गोली से जख्मी हो गए।
बताया जा रहा है कि रवि रंजन कुमार सिंह बिहिया थाना क्षेत्र के चकरही, जबकि बलवंत सिंह और अभिषेक कुमार बक्सर के लीलाधरपुर एवं परसिया गांव के रहने वाले हैं। कहा जा रहा है कि पटना में चंदन मिश्रा की हाई प्रोफाइल हत्या एवं वारदात से संबंधित सीसीटीवी फुटेज आने के बाद तीनों पुलिस से बचने के लिए अपने गांव की ओर निकल गये। वहां से तीनों सुरक्षित ठिकाने की ओर जाने की तैयारी में थे। तभी एसटीएफ और भोजपुर पुलिस को भनक लग गई।
इधर, कुछ लोगों का कहना है कि सोमवार की शाम से ही पुलिस को कुछ अपराधियों के बिहिया इलाके में छुपे होने की भनक लग गई थी। उसे लेकर सोमवार की रात से ही पुलिस गुप्त तरीके से जगदीशपुर और बिहिया इलाके के विभिन्न जगहों पर छापेमारी की जा रही थी।

Police Encounter in Bihiya: गोली लगने से रविरंजन के जांध की हड्डी कर गई है फ्रैक्चर
बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया-कटेया मार्ग पर इंग्लिशपुर बांध के समीप मंगलवार की अहले सुबह अपराधियों और बिहार एसटीएफ टीम के बीच हुए मुठभेड़ में बक्सर जिले के चक्की थाना क्षेत्र के लीलाधरपुर गांव निवासी जंग बहादुर सिंह का पुत्र बलवंत कुमार सिंह एवं बिहिया थाना क्षेत्र के चकरही गांव निवासी केश्वर सिंह का पुत्र रवि रंजन कुमार जख्मी हो गया। इनमें जख्मी बलवंत कुमार सिंह को एक गोली बाए पैर में घुटने, एक गोली दाहिने पैर में जांघ पर, एक गोली दाहिने पैर में घुटने के पास एवं एक गोली बाएं हाथ में लगी है। जबकि जख्मी रवि रंजन कुमार सिंह को गोली बाएं पैर में जांघ पर लगी है।
इधर, सदर अस्पताल में मौजूद ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ.सौरभ कुमार ने बताया कि जख्मी रवि रंजन कुमार सिंह को बाएं पैर में जांघ पर गोली लगी है। गोली लगने के कारण वहां की हड्डी फ्रैक्चर कर गया है और उन्हें ऑपरेशन की आवश्यकता है। जबकि जख्मी बलवंत कुमार सिंह को दोनों पैर एवं हाथ में गोली लगी है। जिसमें एक गोली उनके दाहिने पैर के जांघ पर लगी है जो अंदर फंसी हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हाइयर सेंटर रेफ़र किया गया है।


