Kateya village: बिहिया के कटेया गांव स्थित उच्चतर प्लस टू विद्यालय में प्राचार्य और तीन शिक्षकों के बीच तीखी बहस; बीईओ ने दो दिनों में स्थिति सुधारने का दिया निर्देश
- हाइलाइट: Kateya village
सीएल काटने को लेकर प्राचार्य और तीन शिक्षकों में तीखी बहस - बीईओ की चेतावनी—विवाद दोहराया तो होगी कड़ी कार्रवाई
आरा। भोजपुर जिले के बिहिया प्रखंड अंतर्गत कटेया गांव स्थित उच्चतर प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को प्राचार्य और तीन शिक्षकों के बीच सीएल काटे जाने को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर शिक्षकों ने प्राचार्य डॉ. हृषिकेश्वर दुबे पर गाली-गलौज करने और उन्हें छत से फेंकने की धमकी देने का आरोप लगाया।
Kateya village : सीएल काटने को लेकर स्कूल में विवाद
बताया गया कि तीन शिक्षक कामिनी यादव, पवन उपाध्याय और नीरज कुमार तिवारी के सीएल काटे गए थे। इसी बात को लेकर शिक्षकों और प्राचार्य के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और विद्यालय का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बीईओ ने स्कूल पहुंचकर संभाला मामला
विवाद की सूचना मिलने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार विद्यालय पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य और संबंधित शिक्षकों से पूरी घटना की जानकारी ली और दोनों पक्षों की बातें सुनीं। बीईओ ने प्राचार्य से शिक्षकों द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में जवाब भी मांगा।
शिक्षकों ने प्राचार्य पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और धमकी देने का आरोप लगाया। वहीं, प्राचार्य ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने केवल तीन दिनों का सीएल लगाया है। उन्होंने इस तरह की कोई बात कहने से इनकार किया।
दो दिनों में हालात सुधारने का निर्देश
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालय में आपसी तालमेल बनाने और दो दिनों के अंदर स्थिति सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विद्यालय में हालात नहीं सुधरे तो मामले की जानकारी जिले के वरीय अधिकारियों को दी जाएगी।
बीईओ ने कहा कि विद्यालय में अनुशासन और शैक्षणिक व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। भविष्य में इस तरह का विवाद दोबारा होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
देर से आने को लेकर भी मांगा गया जवाब
बीईओ ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों के देर से आने की बात भी सामने आई है। इस मामले में तीनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। शिक्षकों का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, बाद में प्राचार्य और शिक्षकों के बीच आपसी तालमेल बन गया। बीईओ ने विद्यालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने और सभी पक्षों को संयम बरतने का निर्देश दिया है।

