School of Democracy: जादोपुर प्लस टू विद्यालय में विधानसभा स्तरीय ईएलसी क्विज प्रतियोगिता आयोजित; आठ स्कूल फाइनल के लिए चयनित
- हाइलाइट: School of Democracy
- ईएलसी क्विज में लोकतंत्र और मतदान प्रक्रिया पर विद्यार्थियों ने दिखाई समझ
- आठ स्कूल फाइनल में पहुंचे, जगदीशपुर अनुमंडल सभागार में होगा मुकाबला
बिहिया/आरा। भोजपुर जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) कार्यक्रम के तहत बुधवार को बिहिया प्रखंड के जादोपुर प्लस टू उच्च विद्यालय में विधानसभा स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
School of Democracy: आठ विद्यालय फाइनल के लिए चयनित
क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर आठ विद्यालयों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया गया है। फाइनल प्रतियोगिता जगदीशपुर अनुमंडल सभागार में आयोजित की जाएगी। चयनित विद्यालयों के विद्यार्थी अब फाइनल मुकाबले में अपनी जानकारी और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
लोकतंत्र और मतदान से जुड़े पूछे गए सवाल
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से लोकतंत्र, चुनाव, मतदाता की भूमिका, मतदान प्रक्रिया और मताधिकार से संबंधित सवाल पूछे गए। प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों की चुनावी जागरूकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ को परखा गया।
भावी मतदाताओं को जागरूक करना उद्देश्य
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और भावी मतदाताओं में लोकतंत्र तथा मतदान प्रक्रिया के प्रति समझ विकसित करना है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया की जानकारी सरल और रोचक तरीके से मिलती है।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जगदीशपुर अमरेंद्र कुमार ने कहा कि ईएलसी कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में अपने मताधिकार का निष्पक्ष और जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग कर सकें।
अधिकारियों ने मतदान के महत्व की दी जानकारी
कार्यक्रम में अवर निर्वाचक पदाधिकारी, जगदीशपुर तौकीर किब्रिया, जादोपुर प्लस टू उच्च विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पुष्पा कुमारी समेत अन्य अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी और मतदाता की जिम्मेदारियों के बारे में बताया गया।

