Homeखेलक्रिकेटरोमांचक मुकाबले में बिलौटी ने रानी सागर को 7 विकेट से हराया

रोमांचक मुकाबले में बिलौटी ने रानी सागर को 7 विकेट से हराया

रोमांचक फाइनल: बारिश के बीच बिलौटी टीम ने शानदार जीत हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की।

Cricket Tournament Banahi: बिहिया के बनाही में क्रिकेट का रोमांच: शाह कंप्यूटर एकेडमी द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में बिलौटी की टीम ने शानदार जीत दर्ज की।

  • हाइलाइट: Cricket Tournament Banahi @ravi-kumar
  • उत्कृष्ट खेल के लिए उत्तम तिवारी मैन ऑफ द सीरीज और रॉकी खान मैन ऑफ द मैच बने

बिहिया/आरा। जिला अंतर्गत बिहिया प्रखंड के बनाही गांव में शाह कंप्यूटर एकेडमी के तत्वावधान में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में स्थानीय युवाओं ने अपना कौशल प्रदर्शित किया।

टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन समाजसेवी मोहम्मद साजिद खान द्वारा किया गया। इस खेल आयोजन में पंचायत स्तर की कुल पांच टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें हिरकी पिपरा, बिलौटी, पांडेपुर और रानी सागर प्रमुख रहीं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था।

Cricket Tournament Banahi: बिलौटी की टीम ने ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया

फाइनल मुकाबला रोमांचक परिस्थितियों के बीच रानी सागर और बिलौटी की टीमों के बीच खेला गया। खराब मौसम और बारिश के कारण निर्णय के लिए मैच को तीन ओवर तक सीमित किया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रानी सागर की टीम ने कप्तान फैजान खान के नेतृत्व में 35 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में बिलौटी की टीम ने कप्तान उत्तम तिवारी के कुशल नेतृत्व में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की और ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया।

विशेष सम्मान: टूर्नामेंट के दौरान मोहम्मद साकिब और मोहम्मद टीपू खान ने अंपायर की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिलौटी के कप्तान उत्तम तिवारी को मैन ऑफ द सीरीज और रॉकी खान को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

आयोजन समिति के टीपू शाह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनी रहेगी। समाजसेवी शाहिद खान ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि क्रिकेट न केवल एक खेल है बल्कि यह युवाओं में अनुशासन और एकता की भावना को भी विकसित करता है।

इस आयोजन को सफल बनाने में सत्या कुमार, रोजिद खान और माही तिवारी समेत कई स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैच के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular