Homeआरा भोजपुरशाहपुर‘वादिए कश्मीर’ कहकर दर्द छिपा रहे लोग, शाहपुर थाना के पास नारकीय...

‘वादिए कश्मीर’ कहकर दर्द छिपा रहे लोग, शाहपुर थाना के पास नारकीय स्थिति

365 दिन जलजमाव में डूबी बनाही रोड, विकास और ‘स्वच्छता ही सेवा’ के दावों पर उठे सवाल

Banahi Road Shahpur: शाहपुर थाना के सामने गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क बनी हादसों का खतरा, राहगीरों और दुकानदारों की बढ़ी परेशानी; स्थानीय लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की।

  • हाइलाइट: Banahi Road Shahpur
  • बनाही रोड बनी मुसीबत: जलजमाव, कीचड़ और गड्ढों से रोज जूझ रहे लोग
  • शाहपुर नगर पंचायत के विकास और स्वच्छता ही सेवा अभियान का सच

आरा/शाहपुर। भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 स्थित बनाही रोड पर लंबे समय से जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगह सड़क पर वर्षभर पानी जमा रहने के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बनाही रोड पर जलजमाव की सबसे गंभीर स्थिति शाहपुर थाना के ठीक सामने देखने को मिलती है। सड़क पर पानी भरे रहने के कारण कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और साइकिल सवारों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी के नीचे सड़क पर बने गहरे गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ सतह दिखाई नहीं देती। ऐसे में कई बार लोग और वाहन चालक अनजाने में गड्ढों में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आसपास के दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।

Banahi Road Shahpur: शाहपुर की बनाही रोड पर 365 दिन जलजमाव, जनता बेहाल

स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि थाना के सामने जलजमाव की यह समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। नगर प्रशासन व जिम्मेदार संवेदक की कथित उदासीनता को लेकर स्थानीय नागरिकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

जलजमाव के कारण सड़क पर गंदगी और दुर्गंध की स्थिति भी बनी रहती है। इससे स्वच्छता अभियान के दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल कागजी दावों से विकास नहीं होगा, बल्कि यहां जो वादिए कश्मीर के जन्नत का नज़ारा है उसे सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular