Bihiya station: रेल यात्री कल्याण समिति ने डीआरएम को सौंपा मांग पत्र; चार एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के साथ प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, पेयजल और बैठने की सुविधा की मांग
- हाइलाइट: Bihiya station
- पटना-कोटा एक्सप्रेस
- पंजाब मेल
- पाटलिपुत्र-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस
- ब्रह्मपुत्र मेल के ठहराव की मांग
बिहिया/आरा। दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड के बिहिया रेलवे स्टेशन पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर रेल यात्री कल्याण समिति की ओर से 20 सितंबर को एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। समिति के अध्यक्ष एवं छात्रनेता रितिक रौशन सिंह ने इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर को मांग पत्र सौंपा है। मांग पत्र स्टेशन प्रबंधक, बिहिया के माध्यम से भेजा गया है।
समिति ने कहा कि बिहिया रेलवे स्टेशन दानापुर रेल मंडल का महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां से रेलवे को प्रतिदिन करीब दो लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद यात्रियों को कई जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
समिति के अनुसार, ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं को लेकर पूर्व में भी मांग पत्र सौंपने के साथ धरना दिया जा चुका है। इस बार समिति ने बिहिया स्टेशन पर 13239/13240 पटना-कोटा एक्सप्रेस, 13005/13006 पंजाब मेल, 12141/12142 पाटलिपुत्र-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस और 15657/15658 ब्रह्मपुत्र मेल के ठहराव की मांग की है।
इसके अलावा स्टेशन के उत्तर दिशा में प्लेटफॉर्म संख्या चार का निर्माण कराने की मांग भी की गई है। स्टेशन के पूरब दिशा में यात्री शेड, पेयजल और बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग समिति ने रखी है।
समिति के अध्यक्ष रितिक रौशन सिंह ने बताया कि मांगों के समर्थन में 20 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धरना दिया जाएगा। समिति ने रेलवे प्रशासन से यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।

