Dhanauti Charpokhari: भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के धनौती गांव में गुरुवार की सुबह छुट्टी पर आए असम राइफल्स के जवान की मौत हो गई।
- हाइलाइट: Dhanauti Charpokhari
- मौत का कारण स्पष्ट नहीं, मामले की जांच में जुटी पुलिस
- पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
- चरपोखरी थाना क्षेत्र के धनौती गांव में गुरुवार की सुबह घटी घटना
आरा। जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के धनौती गांव में गुरुवार की सुबह छुट्टी पर आए असम राइफल्स के जवान की मौत हो गई। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही। जानकारी के अनुसार मृतक चरपोखरी थाना क्षेत्र के धनौती गांव निवासी कृष्णदेव मिश्रा के 40 वर्षीय पुत्र पप्पू कुमार मिश्रा है। वह असम राइफल में जवान थे। वर्तमान में नागालैंड के दीमापुर में पोस्टेड थे।
इधर, मृतक के बड़े भाई रवि मिश्रा ने बताया कि वह 8 दिसंबर को दीमापुर से छुट्टी लेकर घर आया था। 24 दिसंबर को वापस जाने वाला था। बुधवार की रात सभी लोगों ने बैठकर एक साथ खाना आया। उसके बाद वह अपने अलग घर के कमरें में सोने के लिए चला गया। गुरुवार की सुबह जब वह नहीं उठा, तो परिजन ने इसकी सूचना उन्हें दी। जब वे लोग वहां पहुंचे और उन्हें देखा कि उसका शरीर पूरी तरह अकड़ा हुआ है।
परिजन उन्हें इलाज के लिए पहले पीरो स्थित निजी क्लिनिक ले गए। उसके बाद वहां से चरपोखरी पीएचसी ले आए। जहां चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन अपनी संतुष्टि को लेकर उसे सदर अस्पताल ले आए। जहां भी उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया।
इधर, पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृतक जवान की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। बताया जाता है कि मृतक जवान अपने पांच भाइयों में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां फुलझारो देवी, पत्नी रीना मिश्रा, पुत्र आर्यन मिश्रा एवं पुत्री नंदनी कुमारी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। उसकी मां फुलझारो देवी, पत्नी रीना मिश्रा एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


