Hasan Bazaar Halt: भोजपुर जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत हसन बाजार हाॅल्ट के समीप गुरुवार की देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है।
- हाइलाइट: Hasan Bazaar Halt
- हसन बाजार हाल्ट के समीप गुरुवार की देर रात घटी घटना, परिजनों में मचा कोहराम
आरा। भोजपुर जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत हसन बाजार हाॅल्ट के समीप गुरुवार की देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ आरा-सासाराम रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से एक 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
मृतक की पहचान हसन बाजार थाना क्षेत्र के हरनाम टोला गांव निवासी प्रमोद चौधरी के पुत्र रामायण चौधरी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामायण पूर्व में राज्य से बाहर किसी फैक्ट्री में काम करता था और कुछ दिन पूर्व ही अपने गांव वापस लौटा था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम वह भूसा बेचकर घर वापस आया था। घर पर भोजन करने के बाद वह गांव में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम (नाच) देखने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों को उसकी अनुपस्थिति पर चिंता हो ही रही थी कि इसी बीच ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि हसन बाजार हाॅल्ट के समीप एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान रामायण के रूप में की। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम हेतु आरा के सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जाता है की मृतक रामायण अपने दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे स्थान पर था। उसके परिवार में माँ सुगंधी देवी, दो बहनें तेतरी कुमारी व बेबी कुमारी और एक छोटा भाई पीयूष कुमार है। इस असमय और दुखद घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घर में कोहराम मचा हुआ है और माँ सुगंधी देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


