Kalyugi son: बिहार के भोजपुर जिला अंतर्गत आरा नवादा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है।
- हाइलाइट: Kalyugi son
- आरा शहर के न्यू पुलिस लाइन अंबेडकर कॉलोनी में शुक्रवार की शाम घटी घटना, पीड़िता सदर अस्पताल में भर्ती
आरा। नवादा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। शहर के न्यू पुलिस लाइन स्थित अंबेडकर कॉलोनी में शुक्रवार की शाम एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही बुजुर्ग मां को चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
जानकारी के अनुसार जख्मी महिला नवादा थाना क्षेत्र के न्यू पुलिस लाइन अंबेडकर कॉलोनी निवासी कामता राम की 65 वर्षीया पत्नी कुंती देवी है। घटना के तुरंत बाद परिजनों के सहयोग से उन्हें उपचार के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। पीड़ित महिला कुंती देवी ने अपने पुत्र जितेंद्र उर्फ चुन्नू राम पर प्रताड़ना और हमले के गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि उनका पुत्र अक्सर नशे की हालत में रहता है और आए दिन उनके साथ मारपीट करता है। घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बताते हुए पीड़िता ने कहा कि गुरुवार की रात से ही वह नशे में उनके साथ गाली-गलौज कर रहा था। शुक्रवार की शाम जब वह घर के समीप चापाकल पर आटा गूंथने के लिए पानी लेने गई थीं, तभी वह पुनः अभद्र व्यवहार करने लगा।
कुंती देवी के अनुसार, जब उन्होंने बिना वजह गाली देने का विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी बेटा अपनी पत्नी के साथ उनके कमरे में घुस आया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने अपनी मां के हाथ की कलाई पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
पीड़िता ने स्पष्ट तौर पर अपने पुत्र जितेंद्र पर बिना किसी कारण के हिंसक हमला करने और जानबूझकर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है। फिलहाल, नवादा थाना पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए अपने स्तर से मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


