Bankat : Murder of Ritesh Singh – भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के बनकट गांव स्थित नहर किनारे शनिवार की सुबह पूर्व मुखिया पुत्र की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई।
- हाइलाइट: Bankat : Murder of Ritesh Singh
- पूर्व मुखिया पुत्र को दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या, रोड जाम
- अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने किया रोड जाम
- पुलिस ने घटनास्थल से गोली का पांच खोखा किया बरामद
- मृतक की पत्नी श्वेता सिंह के तहरीर पर नौ लोगो के खिलाफ नामजद प्राथमिकी
- गड़हनी थाना क्षेत्र के बनकट नहर मार्ग पर शनिवार की सुबह घटी घटना
आरा, भोजपुर। जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के बनकट गांव स्थित नहर किनारे शनिवार की सुबह पूर्व मुखिया पुत्र की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। मृतक को काफी करीब से पांच गोली मारी गई। जिनमें एक गोली बाएं साइड सर, दूसरी गोली सर के ऊपरी हिस्से, दो गोली बाएं साइड सीने एवं एक गोली बाएं आंख के नीचे मारी गई है। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना उस वक्त घटी जब वे अपनी पत्नी को स्कूल छोड़ वापस घर लौट रहे थे। वारदात को लेकर आसपास की इलाके में सनसनी मच गई।
Bankat : Murder of Ritesh Singh लहरपा कांड के प्रतिशोध में हत्या करने की चर्चा
बीते वर्ष लहरपा गांव में हुए ट्रिपल मर्डर के प्रतिशोध में हत्या करने की चर्चा सामने आ रही है। उधर, घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। बनकट गांव के समीप ग्रामीणों ने अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के साथ रोड जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों एवं पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। पुलिस के काफी मशक्कत करने के बाद लोगों को समझा-बूझाकर जाम को हटाया गया। इसके पश्चात पोस्टमार्टम का सदर अस्पताल में कराया गया।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ सह एएसपी कृष्ण कुमार सिंह एवं गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का पांच खोखा भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार मृतक गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव वार्ड नंबर-एक निवासी रमेश सिंह 45 वर्षीय पुत्र रितेश सिंह उर्फ भुअर सिंह है। उनकी मां प्रेमा देवी अगिआंव पंचायत की पूर्व मुखिया रही है। मृतक पैर से दिव्यांग थे।
बड़े भाई बोले: तीन बाइक पर सवार बदमाशों ने बरसाई गोलियां
इधर, मृतक के बड़े भाई बबलू सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी बनकट गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है। वह रोज की तरह अपनी पत्नी को बाइक द्वारा स्कूल छोड़ने गए थे और उनकी बहन की भी शादी बनकट गांव में हुई है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन को लड़का हुआ है। जिसका शनिवार बरही था। इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ अपने बहन के घर उनके लड़के को देखने जा रहे थे। उसके बाद वह लहरपा गांव में मकान में लगे काम को देखने जाने वाले थे। जैसे ही वह बनकट नहर मार्ग पर पहुंचे। तभी पहले से घात लगाए तीन बाइक पर सवार हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ उन पर गोलियां बरसा दी। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


