Wah Ustad School: वाह उस्ताद स्कूल ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट का यह शुभारंभ पटना के कला जगत में एक नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
- हाइलाइट: Wah Ustad School
- वाह उस्ताद के माध्यम से कला संस्कृति का होगा विकास
आरा। पटना के आशियाना एजी रोड स्थित तारापुर हाउस में कला और संगीत की नई सौगात के रूप में वाह उस्ताद स्कूल ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षा विभाग के व्याख्याता डॉ. जैनेंद्र दोस्त, प्रख्यात लोक गायिका सरिता साज और अंतर्राष्ट्रीय कथक नर्तक राजीव रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. जैनेंद्र दोस्त ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की उन्नति उसकी कला और संस्कृति के आधार पर ही टिकी होती है। संस्कृति ही वह दर्पण है जो राष्ट्र के उत्थान का वास्तविक परिचय देती है। इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कथक नर्तक राजीव रंजन ने कहा कि संगीत और कला समाज की आत्मा हैं। एक सभ्य और उन्नत समाज की कल्पना कला के बिना करना असंभव है।
Wah Ustad School: विदुषी बिमला देवी की ठुमरी दादरा
उद्घाटन समारोह में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत रौशन कुमार की क्लासिकल की-बोर्ड प्रस्तुति ने समां बांध दिया। इसके बाद विदुषी बिमला देवी की ठुमरी दादरा, श्रेया पांडेय का शास्त्रीय गायन, गोविंद वल्लभ का सुगम संगीत, अजीत पांडेय की सूफी और गजल गायकी तथा आरोही व चाँदनी के भजनों ने माहौल में भक्ति और कला का अनूठा रस घोल दिया।
नृत्य के क्षेत्र में भी कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। नृत्यांगना आदित्या श्रीवास्तव और अमित कुमार की कथक जुगलबंदी ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। संस्था के संस्थापक और पंडित बिरजू महाराज के शिष्य गुरु बक्शी विकास ने ठुमरी ‘काहे करत मोसे रार छैला’ पर राधा-कृष्ण के प्रसंग का भावपूर्ण अभिनय प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं नन्ही नृत्यांगना पूर्वी और सिद्धि आनंद ने अपनी बाल-सुलभ भाव भंगिमाओं से सबका मन मोह लिया।
कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाते हुए अंतर्राष्ट्रीय कथक नर्तक राजीव रंजन को गेस्ट ऑफ ऑनर सम्मान से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन गोविंद वल्लभ ने किया, जबकि संस्था के अध्यक्ष कुमार पुष्पक और सचिव निशा कुमारी ने अतिथियों एवं कलाकारों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।


