Kanail Tola Piro: बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के कनईल टोला स्कूल के समीप सोमवार की सुबह बेलगाम पिकअप ने साइकिल सवार आइसक्रीम दुकानदार को रौंद दिया।
- हाइलाइट: Kanail Tola Piro
- बेलगाम पिकअप ने साइकिल सवार आइसक्रीम विक्रेता को रौंदा, मौत
- मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया रोड जाम
- पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
- पीरो थाना क्षेत्र के कनईल टोला स्थित स्कूल के समीप सोमवार की सुबह घटी घटना
आरा,भोजपुर। बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के कनईल टोला स्कूल के समीप सोमवार की सुबह बेलगाम पिकअप ने साइकिल सवार आइसक्रीम दुकानदार को रौंद दिया। हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक पिकअप छोड़ मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर आसपास की इलाके में अफरा-तफरी मची रही।
उधर, घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर कनईल टोला के समीप शव के साथ जाम कर दिया। करीब चार घंटे जाम होने के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई एवं आवागमन पूरी तरह ठप्प रहा।
सूचना पाकर पीरो एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह, वीडियो अशोक कुमार एवं थानाध्यक्ष दीपक कुमार साह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटाया। वही प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार के द्वारा मृतक के परिजनों को दास संस्कार के लिए 23 हजार रुपये नगद प्रदान किया गया। इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।
जानकारी के अनुसार मृतक पीरो थाना क्षेत्र के छेदी टोला गांव निवासी धरीक्षण चौधरी का 25 वर्षीय पुत्र संतोष चौधरी है। वह आइसक्रीम दुकानदार था साइकिल द्वारा गांव-गांव घूम-घूमकर आइसक्रीम बेचता था। इधर, मृतक के बड़े भाई सनोज कुमार ने बताया कि वह सोमवार की सुबह रोज की तरह आइसक्रीम बेचने के लिए कनईल टोला गया हुआ था। इस दौरान बेलगाम पिकअप में उसे रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।
बताया जाता है कि मृतक अपने चार भाई व एक बहन में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में कलावती देवी, पत्नी कविता देवी व दो पुत्र आशीष कुमार, रितेश कुमार एवं एक पुत्री सलोनी कुमारी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। उसकी मां कलावती देवी, पत्नी कविता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


