Garahni Encounter Case: भोजपुर जिला के गड़हनी थाना क्षेत्र के खरैंचा गांव के बधार में शुक्रवार को अपराधियों के साथ मुठभेड़ को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
- गड़हनी मुठभेड़ कांड:Garahni Encounter Case
- थानाध्यक्ष के बयान पर चार अपराधियों के खिलाफ दर्ज की गयी प्राथमिकी
- डकैती एवं हत्या के प्रयास और पुलिस कर्मियों को ड्यूटी करने से रोकने का आरोप
- मुठभेड़ के बाद भागे बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कर रही छापेमारी
आरा। गड़हनी थाना क्षेत्र के खरैंचा गांव के बधार में शुक्रवार को अपराधियों के साथ मुठभेड़ को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। थानाध्यक्ष कमलजीत के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में गिरफ्तार दो अपराधियों सहित चार बदमाशों को आरोपित किया गया है। सभी पर सीएसपी में डकैती की साजिश रचने, पुलिस कर्मियों की हत्या का प्रयास एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने के लिए हमला करने का आरोप लगाया गया है।
प्राथमिकी में कहा गया है कि शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे सूचना मिली कि गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव ब्लॉक से पूर्व दिशा में आहर के समीप पेड़ के नीचे प्लास्टिक और पुआल से बनी झोपड़ी में चार-पांच की संख्या में अपराधी सीएसपी लूट की योजना बना रहे हैं।
Garahni Encounter Case : आत्मसमर्पण करने के लिए कहने पर किया फायरिंग
वरीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर उनके नेतृत्व में टीम गठित की गयी। झोपड़ी की घेराबंदी के दौरान पुलिस को देख चारों अपराधी अलग-अलग दिशा में भागने लगे। दो अपराधी खरैचा बधार, जबकि दो अगिआंव-सहार रोड़ की ओर भाग रहे थे।
उनके नेतृत्व में टीम खरैंचा बधार में भाग रहे अपराधियों का पीछा कर रही थी। तभी एक अपराधी पुलिस पर फायरिंग करने लगा। आत्मसमर्पण करने के लिए कहने पर भी फायरिंग की जा रही थी। उस क्रम में अपराधियों की ओर से चार राउंड फायरिंग की गयी। तब आत्मरक्षार्थ उनके द्वारा सरकारी पिस्टल से चार राउंड हवाई फायरिंग की गयी।
उसके बाद फायरिंग कर रहे अपराधी को खरैंचा मुसहर टोली के पास गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान थाना क्षेत्र के अगिआंव गांव निवासी गजेंद्र यादव उर्फ बाघा के पुत्र सूरज कुमार उर्फ गेहूमन के रूप में की गयी। उसके पास से फायरिंग में इस्तेमाल देसी पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।
दूसरी टीम द्वारा अगिआंव-सहार रोड़ की ओर भाग रहे लसाढ़ी गांव निवासी देवकांत सिंह उर्फ चुनचुन के पुत्र पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने पूछताछ में भागे अपने दोनों साथियों के नाम भी बताया। उनमें रवि कुमार और गड़हनी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी सोनाधारी शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष कमलजीत के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम में एएसआई बब्लू साह, पीटीसी रामाशंकर, सिपाही मोहन कुमार, भोला कुमार, गोविंद पाल, चंदन कुमार, होमगार्ड रोहित कुमार, प्रिंस कुमार, अंकित कुमार चौकीदार राहुल कुमार शामिल थे।






