Bharat Tiwari parents: भरत तिवारी एनकाउंटर चर्चित प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ के उस जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है
- हाइलाइट: Bharat Tiwari parents
- अक्षय कुमार की गिरफ्तारी से उन्हें राहत मिली है: आशा देवी
- पिता ने कहा: उन्हें न्याय मिलने का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ
आरा। बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना अंतर्गत बिलौटी गांव में घटित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में एक बड़ा और महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। इस चर्चित प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ के उस जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर भरत तिवारी की हत्या करने का सीधा आरोप लगा था। मृतक की मां द्वारा इस जवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद से ही मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही अब मामले की आगे की विधिक प्रक्रिया तेज हो गई है।
इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए बिहार सरकार ने कड़े प्रशासनिक कदम उठाए हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिजनों को पटना बुलाकर उनसे मुलाकात की थी और उनकी पीड़ा को गंभीरता से सुना था। परिजनों के साथ हुई इस उच्च-स्तरीय बातचीत के बाद सरकार ने तत्काल प्रभाव से कई बड़े बदलाव किए थे। एनकाउंटर के समय जगदीशपुर के एसडीपीओ रहे राजेश कुमार शर्मा को मद्य निषेध विभाग से हटाकर वापस पुलिस मुख्यालय बुला लिया गया था। गौरतलब है कि एनकाउंटर के दौरान उनकी भूमिका संदेह के घेरे में थी और परिजनों द्वारा भी उन पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे थे।
प्रशासनिक स्तर पर की गई इस कार्रवाई के दायरे में तत्कालीन जगदीशपुर के एसडीओ संजीत कुमार भी आए हैं, जिन्हें उनके पद से हटा दिया गया है। एनकाउंटर मामले में उनकी संदिग्ध भूमिका को देखते हुए सरकार ने यह कठोर निर्णय लिया, ताकि जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।
Bharat Tiwari parents : भरत तिवारी की मां आशा देवी को सरकार पर भरोसा
इधर, पहली गिरफ़्तारी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि अक्षय कुमार की गिरफ्तारी से उन्हें राहत मिली है। हालांकि, उन्होंने मांग की है कि इस साजिश में शामिल अन्य दोषी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले में जिन-जिन अधिकारियों की संलिप्तता सामने आ रही है, उन सभी के खिलाफ फांसी तक की सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें सरकार की कार्यशैली पर पूरा भरोसा है और वे न्याय की उम्मीद कर रही हैं।
पिता ने कहा: मुख्यमंत्री ने जो वादा किया था, उसे वे पूरा कर रहे हैं
वहीँ मृतक के पिता काशी तिवारी ने भी सरकार के कदमों पर संतोष जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जो वादा किया था, उसे वे पूरा कर रहे हैं और सरकार का हर कदम न्याय की दिशा में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, इस आश्वासन के बाद उन्हें न्याय मिलने का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।















