Ashok Singh Bhikhampur: दो पक्षों के बीच समझौता कर रहे वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या, मारपीट में दो जख़्मी
- हाइलाइट: Ashok Singh Bhikhampur
- इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
- जमीन के विवाद में हत्या करने की सामने आ रही बात
- पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
- चौरी थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव में शुक्रवार की सुबह घटी घटना
आरा। भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव में शुक्रवार की सुबह दो पक्षों के बीच समझौता कर रहे वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक को काफी करीब से एक गोली बाएं साइड कंधे पर गोली मारी गई है। इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि साथ रहे उनके दो चचेरे भतीजे को भी लाठी-डंडों से मारकर जख्मी कर दिया गया। जिनका इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। जमीन के विवाद में हत्या करने की बात सामने आ रही है।
Ashok Singh Bhikhampur: अगिआंव प्रखंड के डिलिया पंचायत के वार्ड नंबर-11 के सदस्य थे
घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई। सूचना पाकर चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक चौरी थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी गांधी जी के 45 वर्षीय पुत्र अशोक सिंह है। वह अगिआंव प्रखंड के डिलिया पंचायत के वार्ड नंबर-11 के सदस्य थे। जबकि जख्मियों में उसी गांव निवासी स्व. राम दयाल सिंह के 52 वर्षीय पुत्र कृष्ण सिंह एवं 36 वर्षीय पुत्र बलिराम सिंह शामिल हैं। दोनो मृतक वार्ड सदस्य के चचेरे भतीजे है।
इधर, कृष्ण सिंह ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से दो डिसमिल जमीन को लेकर छह महीने से विवाद चल रहा है। इस बीच दस अगस्त को भी उन्हें गांव में घेर कर उक्त लोगों द्वारा लाठी-डंडों से मारकर जख्मी कर दिया गया था। जिसके बाद वह अपना इलाज आरा में ही करा रहे थे। शुक्रवार की सुबह जब वह चचेरे चाचा अशोक सिंह व सगे भाई बलिराम सिंह के साथ बाइक द्वारा घर वापस लौट रहे थे। इस बीच गांव में स्थित पीपल के पेड़ के पास उक्त पक्ष के छह-सात की संख्या में उन्हें घेर लिया और उनके चचेरे चाचा अशोक सिंह को गोली मार दी। जबकि लाठी-डंडों मारपीट कर उन्हें एवं उनके छोटे भाई बलिराम सिंह को जख्मी कर दिया। तब परिजन द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां अशोक सिंह को मृत घोषित कर दिया।
कृष्ण सिंह एवं भानु प्रताप सिंह के बीच जमीन को लेकर था विवाद
सूचना पाकर मौके पर पहुंची टाउन थाना पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। वही संबंध में चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने खबरें आपकी को बताया कि भीखमपुर गांव निवासी कृष्ण सिंह एवं भानु प्रताप सिंह के बीच जमीन को लेकर विवाद था, जिसमें उनके समझौता कराया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में उसी विवाद को लेकर हत्या करने की बात सामने आ रही है। घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम आई और साक्ष्य को इकट्ठा किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर संतोष सिंह एवं भानु प्रताप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।















