SP Mr. Raj: आरा शहर के चंदवा स्थित ग्रीन हेवन रिजॉर्ट में गुरुवार की शाम की निवर्तमान पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज के स्थानांतरण पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
- हाइलाइट: SP Mr. Raj
- निवर्तमान एसपी बोले: दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान लोगों का भरपूर सहयोग मिला
- निवर्तमान एसपी मिस्टर राज के स्थानांतरण पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन
- शहर के चंदवा स्थित रिजार्ट में गुरुवार की शाम आयोजित हुआ कार्यक्रम
आरा। शहर के चंदवा स्थित ग्रीन हेवन रिजॉर्ट में गुरुवार की शाम एक गरिमामयी विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भोजपुर के निवर्तमान पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज के स्थानांतरण के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसमें भोजपुर के नये जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा, नये पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित, सदर एसडीओ शिप्रा विजय कुमार चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिन्हा, पीपी राणा प्रताप सिंह एवं जिला लोक अभियोजक माणिक कुमार सिंह समेत अन्य मंच पर उपस्थित रहें। संचालन दंत चिकित्सक डॉ. प्रतीक कुमार ने किया।
SP Mr. Raj : दो साल का कार्यकाल काफी संतोषजनक रहा
समारोह के मुख्य अतिथि निवर्तमान पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने अपने संबोधन में बाबू कुंवर सिंह की पावन धरा के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भोजपुर की जनता में सच्चाई और ईमानदारी का वास है। अपने दो साल के कार्यकाल को संतोषजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि वे ईश्वर के आभारी हैं कि उन्हें समाज की सेवा करने का यह अवसर मिला। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अधीक्षक का पद चुनौतियों और दबावों के बीच कार्य करने के लिए ही बना है, जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास किया।

मिस्टर राज ने अपने कार्यकाल के अनुभव को साझा करते हुए बताया कि जनता और पुलिसकर्मी उनके कार्य के दो मुख्य केंद्र बिंदु रहे हैं। उन्होंने पुलिस बल को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी जांच के दौरान निर्दोषों को हर संभव बचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने वादी को केस की अद्यतन स्थिति से समय-समय पर अवगत कराने पर जोर दिया, ताकि न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
जनता के साथ व्यवहार पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस को नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए और उनके त्वरित समाधान हेतु कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब पुलिस जनता की बात को धैर्य से सुनती है, तो इससे लोगों के मन का बोझ हल्का होता है और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास बढ़ता है।
समारोह में पुलिसकर्मियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य की चिंता करते हुए उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने मातहतों की भावनाओं को समझें और उनकी हर संभव मदद करें। उन्होंने बल को सलाह दी कि वे केवल अपनी ड्यूटी तक सीमित न रहें, बल्कि विभिन्न कल्याणकारी कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सेवाभाव का होना अत्यंत आवश्यक है।
निवर्तमान एसपी ने कहा कि कार्य के दौरान मीडियाकर्मियों का काफी सहयोग रहा है। जिला शांति समिति भी हर समय तटस्थ रही। उन्होंने कहा कि आने वाला समय काफी चुनौतीपूर्ण है इसलिए पुलिस कर्मी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं। ‘जेन जी’ की भावना को समझ कर आगे की पुलिसिंग करनी होगी। तभी आप सभी कसौटी पर खरा उतरेगे।
जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने कहा कि पूर्व की भांति जिला प्रशासन और पुलिस में समन्वय जारी रहेगा। आगे भी टीम वर्क को महत्व दिया जाएगा। आप सभी के सहयोग से भोजपुर में विकास कार्य हो रहा। उसमें आप सभी का सहयोग अपेक्षित है।
नये पुलिस कप्तान अवधेश दीक्षित ने कहा यहां की टीम अच्छी रही है। मुझे आशा ही नहीं बल्कि पुरी उम्मीद है कि यह मोमेंटम आगे भी कायम रहेगा। सदर एसडीओ शिप्रा विजय कुमार चौधरी ने कहा कि विधि व्यवस्था के संधारण सहित अन्य मामले में निवर्तमान एसपी का भरपूर सहयोग मिला।
समारोह के दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक को अंग वस्त्र, बुके एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। विदाई समारोह में सदर एसडीपीओ वन राजकुमार साह, सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह, पीरो डीएसपी कन्हैया कुमार, ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु, नगर थानाध्यक्ष देवराज राय, नवादा थानाध्यक्ष विपिन बिहारी सहित सभी अंचल पुलिस निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष मौजूद रहें।















