Saumya Raj: मृतका की पहचान सौम्या राज के रूप में की गई है, जो मूल रूप से शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रोफेसर कॉलोनी की रहने वाली थी।
- हाइलाइट: Saumya Raj
- अरैला मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर थी कार्यरत
- वह नयका टोला में किराये का मकान लेकर रह रही थी
आरा। जिले के जगदीशपुर थाना अंतर्गत नयका टोला इलाके में शनिवार की सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नयका टोला स्थित एक किराये के मकान में रह रही एक शिक्षिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
मृतका की पहचान सौम्या राज के रूप में की गई है, जो मूल रूप से शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रोफेसर कॉलोनी की रहने वाली थी। वह सुबोध कुमार की पुत्री थी और अविवाहित थी। सौम्या राज वर्तमान में जगदीशपुर प्रखंड के अरैला मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। वह नयका टोला में किराये का मकान लेकर रह रही थी।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत जगदीशपुर थाना पुलिस को दी। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।
Saumya Raj : मौत के कारण स्पष्ट नहीं, पुलिस छानबीन में जुटी
शिक्षिका की मौत के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मौत के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन छानबीन कर रही हैं। मृतका के मोबाइल फोन मिलने से पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल की जांच और कॉल डिटेल्स के विश्लेषण से आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस परिजनों को सूचित करने के साथ ही आगे की अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।
पूर्व विधायक ने SIT गठित कर वैज्ञानिक तरीके से जांच की मांग की
इधर, जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश ने शिक्षिका की मौत पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद एवं चिंतनीय बताते हुए भोजपुर के पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT गठित कर निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच कर घटना की वास्तविक सच्चाई को उजागर किया जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

