Jagdishpur Museum: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर जगदीशपुर के वीर कुंवर सिंह किले में सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का काम तेज है। 19 से 23 सितंबर तक आमलोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर पंचायत ने माइकिंग कराई है।
- हाइलाइट: Jagdishpur Museum.@khabre-apki
- संग्रहालय के अंदर बने भित्ति चित्रों की भी रंगाई-पुताई
- किले की दीवारों, मुख्य द्वार और सीढ़ियों पर रंग-रोगन
- वीर कुंवर सिंह किले में सौंदर्यीकरण का काम तेज
जगदीशपुर/आरा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर को जगदीशपुर आने के संभावित कार्यक्रम को लेकर ऐतिहासिक वीर कुंवर सिंह किले को सजाने-संवारने का काम तेज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले किला परिसर में सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा है। वहीं, मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर पंचायत की ओर से माइकिंग कर दुकानदारों को सड़क और नालियों की जमीन खाली रखने का निर्देश दिया गया है।
Jagdishpur Museum: भित्ति चित्रों की भी रंगाई-पुताई
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अनिरुद्ध कुमार और जेई रौशन पांडेय की देखरेख में किला परिसर में सफाई मजदूर लगाए गए हैं। परिसर में जमा कचरे और झाड़ियों को हटाया जा रहा है। मशीन से घास की कटाई कर किले के आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित किया जा रहा है। पेड़ों पर पेंटिंग कर उन्हें आकर्षक बनाया जा रहा है।
किले की दीवारों, मुख्य द्वार और सीढ़ियों पर रंग-रोगन कराया जा रहा है। संग्रहालय के अंदर बने भित्ति चित्रों की भी रंगाई-पुताई कराई जा रही है। सफाई और रंग-रोगन के बाद किले का स्वरूप बदला हुआ नजर आने लगा है।
19 से 23 सितंबर तक प्रवेश बंद:
किला परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य को देखते हुए 19 से 23 सितंबर तक आमलोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इस अवधि में सफाई, रंग-रोगन, मरम्मत और सजावट का काम जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान किला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखे जाने की तैयारी है।
मुख्य बाजार में कराई गई माइकिंग:
जगदीशपुर नगर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर पंचायत की ओर से माइकिंग कराई गई। दुकानदारों और फुटपाथ पर सामान लगाने वालों से सड़क और नालियों की जमीन खाली रखने की अपील की गई।
नगर पंचायत ने कहा कि अतिक्रमण के कारण बाजार में आवागमन प्रभावित होता है। दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। निर्देश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।

