Homeराजनीतपटना में SIR के विरोध में महागठबंधन का प्रदर्शन, तेजस्वी यादव और...

पटना में SIR के विरोध में महागठबंधन का प्रदर्शन, तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी हिरासत में

लोकभवन मार्च के दौरान पुलिस से हुई धक्का-मुक्की, बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश; जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन

SIR Protests Patna: चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में पटना में महागठबंधन के प्रदर्शन के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और VIP प्रमुख मुकेश सहनी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

  • हाइलाइट:SIR Protests Patna
  • नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं
  • ‘इलेक्शन कमीशन कॉम्प्रोमाइज है’: शकील अहमद खान

पटना। चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में गुरुवार को पटना में महागठबंधन का प्रदर्शन तनावपूर्ण हो गया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता लोकभवन की ओर मार्च कर रहे थे। इसी दौरान सचिवालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया।

बताया गया कि तेजस्वी यादव बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की एवं खींचतान हुई। करीब तीन बैरिकेडिंग पार करने के बाद पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया। उनके साथ विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी को भी हिरासत में लिया गया।

SIR Protests Patna: SDPO की गाड़ी में बैठाकर ले गई पुलिस

हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी को SDPO की गाड़ी में बैठाकर ले गई। तेजस्वी यादव जिस पुलिस वाहन में बैठे थे, उसके ऊपर विधायक और महागठबंधन के कई कार्यकर्ता चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप

प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की शुरुआत बिहार से हुई थी और महागठबंधन लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्ष लंबे समय से ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहा है और अब इससे जुड़े कई सवाल सामने आ रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने भाजपा के दबाव में काम किया।

प्रदर्शन में कई नेता हुए शामिल

महागठबंधन के प्रदर्शन में राजद, कांग्रेस, माले और अन्य सहयोगी दलों के नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान माले के पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला।

राजद एमएलसी उर्मिला ठाकुर डफली बजाकर नारेबाजी करती नजर आईं। वहीं, राजद के मुख्य प्रवक्ता भाई वीरेंद्र ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तीखी नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने भी पुलिस कार्रवाई का विरोध किया

कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने पुलिस कार्रवाई पर कहा कि हिरासत में लिए जाने से महागठबंधन का आंदोलन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को मतदान के अधिकार से वंचित किया जाता है तो इस पर सवाल उठेंगे। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उसे ‘कॉम्प्रोमाइज’ बताया।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम हाथों में हथकड़ी और संविधान की प्रति लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस ने इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाने की बात कही।

जिला मुख्यालयों पर भी हुआ प्रदर्शन

पटना में लोकभवन मार्च के साथ ही महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर भी धरना-प्रदर्शन किया। इन प्रदर्शनों में SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की गई। महागठबंधन ने SIR को लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़ा मुद्दा बताते हुए विरोध जारी रखने की बात कही है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular