Abhishek Sharma Kosihan: मृतक चांदी थाना क्षेत्र के कोसिहान गांव निवासी शिवजी शर्मा का 25 वर्षीय पुत्र अभिषेक शर्मा है। वह पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री था।
- हाइलाइट: Abhishek Sharma Kosihan
- इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
- संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकोल गांव स्थित ब्रह्म बाबा के समीप वेल्डिंग दुकान में सोमवार की दोपहर घटी घटना
आरा/संदेश। जिले के संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव स्थित ब्रह्म बाबा के समीप वेल्डिंग दुकान में करंट की चपेट में आने से वेल्डिंग मिस्त्री की मौत हो गई। ईलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना को लेकर आसपास की इलाके में अफरा-तफरी का आलम रहा।
जानकारी के अनुसार मृतक चांदी थाना क्षेत्र के कोसिहान गांव निवासी शिवजी शर्मा का 25 वर्षीय पुत्र अभिषेक शर्मा है। वह पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री था। इधर, मृतक के फुफरे भाई हरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि वह तीर्थकौल गांव स्थित ब्रह्म बाबा के समीप वेल्डिंग वर्कशॉप में काम करता था।
सोमवार की दोपहर जब वह दुकान पर लोहे में ड्रिल कर रहा था। उसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और पीछे गिर पड़ा। जिसके उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आ गई। इसके बाद दुकानदार द्वारा उसे इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में दूसरे स्थान पर था। उसकी शादी डेढ़ वर्ष पूर्व शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में हुई थी। उसके परिवार में मां सरस्वती देवी, पत्नी कमलावती देवी, एक भाई सूरज शर्मा एवं एक बहन पूजा देवी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। उसकी मां सरस्वती देवी, पत्नी कमलावती देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।






